आखिर सीमाएं तय कौन करेगा: चल रहीं जबर्दस्त चर्चाएं असल बात को छिपाती दिखती हैं, दिग्गज संतुलन बनाने में असहाय
जब देवता यह कहने लगें कि उत्साह का अंत विनाश में हो सकता है, तो स्वाभाविक है कि दुनिया ठहरकर सोचने लगेगी। दिग्गज एआई कंपनी एंथ्रोपिक के डारियो अमोदेई समय-समय पर देवताओं के इस खास समूह से हटकर, एक ऐसे निर्माता के तौर पर अपने सिद्धांत सामने रखते हैं, जिसकी सोच उसकी बनाई चीज से कहीं ज्यादा बड़ी और जिम्मेदार है। इस साल की शुरुआत में, 'द एडोलसेंस ऑफ टेक्नोलॉजी' नामक एक लंबे लेख में, उन्होंने आशावादी और यथार्थवादी, दोनों भूमिकाओं में इन्सानियत को उन खतरों के बारे में आगाह किया, जो एआई से न सिर्फ प्रयोगशाला में, बल्कि मनमानी करने वाली सरकारों के हाथों भी पैदा हो सकते हैं। उन्होंने लिखा, 'आने वाले साल बहुत मुश्किल होंगे और हमसे हमारी क्षमता से कहीं ज्यादा की उम्मीद करेंगे। लेकिन एक शोधकर्ता, नेतृत्वकर्ता और नागरिक के तौर पर मैंने इतना साहस और बड़प्पन देखा है कि मुझे यकीन है कि हम जीत सकते हैं। सबसे मुश्किल हालात में भी, इन्सानियत में जीत के लिए जरूरी हिम्मत और समझ जुटाने की काबिलियत होती है, भले ही वह आखिरी पल में ही क्यों न हो। हमारे पास गंवाने के लिए जरा भी समय नहीं है।' एक और लेख, वी मस्ट पेस द फ्रंटियर में, एआई के दार्शनिक बादशाह हमें बताते हैं कि एआई-साम्राज्य के जोखिम उतने ही गंभीर हैं, जितने कि इसके फायदे। वे चेतावनी देते हैं, 'हमें एआई मॉडल की क्षमताओं को बेहतर बनाने की गति धीमी करनी होगी। तरक्की फिर भी तेज लगेगी, और हमें मिले समय का समझदारी से इस्तेमाल करना होगा।' उन्हें सबसे ज्यादा चिंता इस बात की है कि एआई बगैर किसी मदद के अपनी अगली पीढ़ियां बना सकता है, जिसे अब खुद को लगातार बेहतर बनाने की क्षमता कहा जाता है। आसान शब्दों में कहें तो, अब उस राक्षस को अपने पिता के तौर पर किसी फ्रेंकस्टीन की जरूरत नहीं है। वह इतना समझदार होता जा रहा है कि मशीनों का 'उत्तर-मानवता' (पोस्ट-ह्यूमैनिटी) ग्रह सिर्फ काल्पनिक नहीं रह गया है; इसलिए, इससे पहले कि आपको धीमे होने का मौका ही न मिले, आप अभी धीमे हो जाइए। संयम बरतने की उसकी दलील में अगर हम इस बात का डर भी जोड़ दें कि एआई की वजह से इन्सानी नस्ल खत्म हो सकती है (जैसा कि अक्सर कहा जाता है कि ऐसा एक दशक के भीतर हो सकता है), तो हमें मुक्ति के बजाय निराशावाद ही हाथ लगता है। हम ऐसी स्थिति में पहले कभी नहीं रहे: आज इस विषय पर सारी चर्चा मनुष्य ही कर रहे हैं, लेकिन मशीनों की बढ़ती जटिलता को समझने और उसे व्यक्त करने के लिए उसके पास जरूरी शब्द नहीं हैं—सिवाय शायद डोनाल्ड ट्रंप के, जिनका मानना है कि जब तक आपके पास ऑल्टमैन और अमोदेई जैसे लोगों से ज्यादा समझदार राष्ट्रपति है, तब तक चिंता की कोई बात नहीं है। आजकल ज्यादातर बातचीत इस बारे में हो रही है कि एआई पर नियंत्रण कैसे वापस लिया जाए यह बातचीत अस्तित्व से जुड़ी चिंताओं से उपजी नैतिकता से प्रेरित है। मानो मशीन के कामों ने आने वाले कल को एक ऐसे रोमांच में बदल दिया है, जिसमें डर का भाव भी छिपा है। जब राजनीतिक विचारधाराओं ने स्वर्ग जैसे आदर्श समाज की कल्पना की, तब दूसरी तरफ आतंक को भी जन्म दिया। जाहिर है, एआई को लेकर आज जो चिंताएं हैं, वैसी ही पहले विचारधाराओं के दौर में थीं। मनुष्य हमेशा बेहतर विकल्प तलाशने की कोशिश करता है, कभी राजनीति, कभी धर्म और आज तकनीक के सहारे। साम्यवाद के पतन और उदारवादी लोकतंत्र की जीत के साथ इतिहास थमा नहीं और विकल्पों के लिए संघर्ष जारी रहा। एआई का दौर अलग है। यह न तो किसी धर्म की तरह किसी स्वर्ग का और न ही किसी विचारधारा की तरह एक आदर्श समाज का वादा करता है। उल्टे इसने एक ऐसी बहस पैदा कर दी है, जिसमें आने वाले समय में मनुष्य की भूमिका ही स्पष्ट नहीं है। कोड बनाने वालों का समूह कुछ समझदार लोगों के इर्द-गिर्द बना है; और उन्होंने बाकी लोगों को जो विकल्प दिए हैं, वे आजादी के सबसे रोमांचक रूप को दर्शाते हैं। अब उसी आजादी को इन्सानियत के लिए खतरा माना जा रहा है। तकनीकी दुनिया के बड़े दिग्गजों के बीच 'नई सीमाओं को तय करने' को लेकर चल रही जबर्दस्त चर्चा में एआई को एक ऐसी चीज के तौर पर दिखाया जा रहा है, जिसका दिमाग समझना मुश्किल है। उन्होंने खुद को ब्रह्मांड के आखिरी मालिक या 'देवता' मानने का अपना दर्जा भी कम नहीं किया है। वही लोग तय करेंगे कि मशीन की कल्पना की सीमाएं क्या होंगी। यह बहस असल बात को छिपा देती है: वे यह नहीं बता रहे हैं कि सब कुछ जानने वाली बुद्धिमत्ता के सामने इन्सान बेबस है। बल्कि, वे खुद एआई की उस व्यावसायिक होड़ और विज्ञान की प्रकृति के बीच संतुलन बनाने में असहाय हैं, जिसे वे बेच रहे हैं। भले ही इस विकल्प को इन्सानों ने ही बनाया है और इससे डर भी लगता है, लेकिन यह न तो इसके मूल मकसद को खत्म करता है और न ही उस भरपूर रचनात्मकता को, जिसकी वजह से इसकी शुरुआत हो पाई थी। एआई का विकास चाहे कितना भी आश्चर्य और डर क्यों न पैदा करे, यह असल में तकनीक की नहीं, बल्कि इन्सानी दिमाग की असीमित क्षमता को ही दिखाता है। सिर्फ लापरवाह लोगों की उकसावे वाली हरकतें ही (चाहे वे आजाद दुनिया से हों या ऐसे तानाशाह देशों से, जिनके पास हथियारों का बड़ा जखीरा हो) किसी बनावटी चीज को असल बना सकती हैं। हम अभी उस स्थिति तक नहीं पहुंचे हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 05, 2026, 03:40 IST
आखिर सीमाएं तय कौन करेगा: चल रहीं जबर्दस्त चर्चाएं असल बात को छिपाती दिखती हैं, दिग्गज संतुलन बनाने में असहाय #Opinion #International #SubahSamachar
