Noida News: जहां कूड़ा पड़ने वाला था वहां खिलेंगे भविष्य
सेक्टर-123 में डंपिंग ग्राउंड के लिए चिह्नित जमीन पर बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की डीपीआर मंजूर, अब शुरू होगा निर्माणमाई सिटी रिपोर्टरनोएडा। सेक्टर-123 में डंपिंग ग्राउंड के लिए चिह्नित जमीन पर बनने वाले स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स की डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) को आईआईटी दिल्ली की तकनीकी मंजूरी मिल गई है। अब प्राधिकरण टेंडर जारी करके निर्माण एजेंसी का चयन करेगा। इसके निर्माण में करीब 70 करोड़ रुपये की लागत अनुमानित है। इस कॉम्पलेक्स का फायदा न केवल नोएडा बल्कि ग्रेटर नोएडा के लोगों को भी मिलेगा। पिछले दो वर्षों से परियोजना के निर्माण के लिए पीपीपी समेत अन्य मॉडल पर विचार किया जा रहा था। आखिर में अब प्राधिकरण ने खुद निर्माण कराने का निर्णय लिया। इसी क्रम में डीपीआर परीक्षण के लिए आईआईटी को भेजी गई थी। प्राधिकरण से मिली जानकारी के मुताबिक, यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स 26.65 एकड़ में बनेगा। ये खेल सुविधाएं मिलेंगीपहले चरण की डीपीआर में उन खेल सुविधाओं को शामिल किया गया है जो नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए, सर्फाबाद मिनी स्टेडियम या अन्य जगहों पर उपलब्ध नहीं हैं। इसमें फुटबॉल ग्राउंड, इंटरनेशनल एथलेटिक ट्रैक, टेनिस व वॉलीबॉल कोर्ट, ट्रैक एंड फील्ड शामिल हैं। फुटबॉल मैदान के दोनों ओर दर्शक दीर्घाएं बनाई जाएंगी जिन्हें धूप और गर्मी से बचाव के लिए कवर किया जाएगा। बाउंड्री के साथ ही हरियाली के लिए पौधे व घास भी लगाई जाएंगी। इन क्षेत्रों को मिलेगा लाभस्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स से सेक्टर-121, गढ़ी चौखंडी, पर्थला गांव, सेक्टर-119, 120, 73, सर्फाबाद व ग्रेटर नोएडा वेस्ट इसके नजदीक हैं। अभी तक इन जगहों से खिलाड़ियों व बच्चों को अभ्यास के लिए नोएडा स्टेडियम या अन्य जगहों पर जाना पड़ता है। प्राधिकरण के वर्क सर्कल-6 के प्रभारी वरिष्ठ प्रबंधक राजकमल सिंह ने बताया कि आईआईटी की डीपीआर को मंजूरी मिल गई है। अब जल्द टेंडर जारी किया जाएगा। 2018 में डंपिंग बनाने जा रहा था प्राधिकरणसेक्टर-123 में जिस जगह पर स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनने वाला है वह जगह पहले डंपिंग ग्राउंड के लिए चिह्नित की गई थी। प्राधिकरण ने 2018 में यहां काम शुरू कराया था लेकिन विरोध के बाद परियोजना रोक दी गई। किसान संगठनों व कई सोसाइटी के निवासियों ने यहां पर धरना दिया था। इसके बाद किसानों और स्थानीय निवासियों ने यहां स्टेडियम बनाने की मांग उठाई थी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Mar 29, 2026, 15:50 IST
Noida News: जहां कूड़ा पड़ने वाला था वहां खिलेंगे भविष्य #WhereThereWasGarbage #TheFutureWillBloom. #SubahSamachar
