युवाओं के लिए काम की खबर: PMEGP पोर्टल कब खुलेगा? जीतन राम मांझी ने बताया आवेदन शुरू होने का पूरा अपडेट
बिहार में स्वरोजगार के जरिए आत्मनिर्भर बनने का सपना देख रहे युवाओं की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (PMEGP) योजना के तहत नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जाने से उद्योग शुरू करने के इच्छुक युवाओं को निराशा हाथ लग रही है। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुरू की गई इस योजना की मौजूदा स्थिति अब सवालों के घेरे में है। पीड़ित संतोष दत्ता ने अपनी परेशानी साझा करते हुए बताया कि वह पिछले कई महीनों से स्वरोजगार के लिए प्रयास कर रहे हैं, लेकिन उन्हें लगातार निराशा का सामना करना पड़ रहा है। संतोष दत्ता के मुताबिक, वह कई बार पटना स्थित जिला उद्योग केंद्र का चक्कर लगा चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें कोई सकारात्मक रास्ता नहीं मिल सका है। संतोष दत्ता ने बताया कि PMEGP पोर्टल पर नए आवेदन स्वीकार नहीं किए जा रहे हैं। पोर्टल पर REVISED GUIDELINES यानी संशोधित दिशा-निर्देशों के नाम पर सूचना प्रदर्शित की जा रही है। इधर,नए आवेदन शुरू होने का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री जीतन राम मांझी ने महत्वपूर्ण जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि योजना को अगले पांच वर्षों तक जारी रखने के लिए वित्त मंत्रालय से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अब कैबिनेट की स्वीकृति का इंतजार है। कैबिनेट की मंजूरी और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आवेदन पोर्टल खोलने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। 11 लाख इकाइयों को मिला लाभ, 97 लाख लोगों को रोजगार केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने PMEGP योजना की उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उन्हें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि इस योजना के माध्यम से अब तक लगभग 11 लाख इकाइयों को लाभ मिला है। इसके जरिए करीब 97 लाख लोगों के लिए रोजगार के अवसर सृजित हुए हैं। योजना के तहत लगभग 29 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। मंत्री ने कहा कि PMEGP देश में स्वरोजगार और उद्यमिता को बढ़ावा देने वाली महत्वपूर्ण योजना है। इसका उद्देश्य युवाओं को अपना उद्योग स्थापित करने और दूसरे लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर पैदा करने में मदद करना है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Oct 20, 2026, 06:39 IST
युवाओं के लिए काम की खबर: PMEGP पोर्टल कब खुलेगा? जीतन राम मांझी ने बताया आवेदन शुरू होने का पूरा अपडेट #CityStates #Bihar #Patna #Gaya #PmegpScheme #JitanRamManjhi #PmegpNewApplication #PmegpPortal #PrimeMinister'sEmploymentGenerationProgramme #PmegpLoanScheme #SelfEmploymentScheme #GovernmentSchemesForYouth #CabinetApproval #MsmeScheme #SubahSamachar
