Kullu News: विभाग नहीं जागा तो उपप्रधान ने युवाओं के साथ मिलकर भर दिए सड़क के गड्ढे
न्यूली-शैंशर मार्ग पर 300 मीटर खस्ताहाल सड़क को किया दुरुस्त, दुर्घटनाओं का खतरा हुआ कमगड्ढे होने के कारण हिचकोले खाकर गुजर रहे थे वाहनमहेंद्र पालसरान्यूली (कुल्लू)। सरकार और लोक निर्माण विभाग सड़क की दशा नहीं सुधार पाए तो नव निर्वाचित उपप्रधान ने स्थानीय युवाओं को साथ लेकर सड़क की हालत को सुधार दिया। न्यूली-शैंशर मार्ग में रूआड़ के पास सड़क की हालत ज्यादा ही दयनीय बनी हुई है। ऐसे में देहुरीधार पंचायत से नव निर्वाचित उपप्रधान निमत राम ने स्थानीय युवाओं को अपने साथ लेकर सड़क पर मोर्चा संभाला और तीन सौ मीटर सड़क पर पड़े गड्ढों को भर दिया। लोगों का कहना है कि यहां वाहन हिचकोले खाते हुए गुजर रहे हैं जिस कारण यहां हादसा होने का भी डर बना हुआ है। गड्ढों में पानी होने से चिकनी मिट्टी पर वाहन फिसल भी रहे हैं। उपप्रधान के साथ क्षेत्र के युवाओं में नरोत्तम राम, निमत राम, नोक सिंह, राम लाल सहित अन्य ने सड़क पर पड़े गड्ढे को मिट्टी और पत्थर से भरकर सड़क को समतल करने में सहयोग किया। अब सड़क पर वाहन आसानी से गुजर रहे हैं। गौरतलब है कि न्यूली-शैंशर मार्ग पर अभी बसें तलियाहरा, धाटा तक जा रही है इससे आगे का करीब चार किलोमीटर मार्ग अभी बंद है लेकिन लोगों को तलियाहरा तक पहुंचने के लिए भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था और रूआड़ के पास तो दुर्घटना होने का डर बना हुआ था। इस कार्य को करने के बाद क्षेत्र में उप-प्रधान सहित युवाओं की तरीफ हो रही है। गौरतलब है कि इस मार्ग में वर्ष 2025 में आई आपदा के दौरान सड़क को काफी नुकसान पहुंचा है। इसके चलते यह सड़क अभी तक पूरी तरह से बहाल भी नहीं हो पाई है लेकिन जहां तक बहाल हुई है उसमें भी सफर जोखिम भरा बना हुआ है। उप-प्रधान निमत राम ने लोक निर्माण विभाग और प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग में सड़क को ठीक करने के लिए जितने भी टेंडर लगाए हैं उसमें ठेकेदार को जल्द काम पूरा करने का आदेश दिया जाए ताकि क्षेत्र की जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 08, 2026, 16:43 IST
Kullu News: विभाग नहीं जागा तो उपप्रधान ने युवाओं के साथ मिलकर भर दिए सड़क के गड्ढे #WhenTheDepartmentDidNotWakeUp #TheDeputyChief #AlongWithTheYouth #FilledThePotholesOnTheRoad. #SubahSamachar
