Aligarh News: सरकारी क्रय केंद्र पर नहीं खरीदी जा रही गीली मक्का
खैर कृषि उत्पादन मंडी में 21 जून से मक्का खरीद केंद्र शुरू कर दिया गया है। केंद्र पर मक्का का समर्थन मूल्य 2400 रुपये प्रति क्विंटल की दर से दिया जा रहा है। खरीद केंद्र प्रभारी गिरीश कुमार ने बताया कि चार दिन में करीब 120 क्विंटल मक्का की खरीद हो चुकी है। उन्होंने यह भी बताया कि बुधवार को खरीद केंद्र पर कोई अवकाश नहीं रहता है।गांव जामुनका निवासी किसान असलम ने बताया कि एक ओर सरकारी केंद्र पर 2400 रुपये प्रति कुंतल का भाव मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर मंडी में 1800 से 1950 रुपये प्रति कुंतल के भाव पर उपज बेचनी पड़ रही है। इससे छोटे और सीमांत किसानों की चिंता बढ़ गई है। सरकारी खरीद केंद्र पर मक्का की खरीद प्रक्रिया को सरल बनाया जाएगा तभी अधिक किसानों को समर्थन मूल्य का लाभ मिल सकेगा।उधर, धान उत्पादक किसानों की बल्ले-बल्ले हो रही है। गर्मी में पक कर तैयार हुई धान की फसल के भाव 4100 रुपये क्विंटल तक मिल रहे हैं। गांव नयेला निवासी किसान विजय कुमार काका ने बताया कि धान की फसल ने किसानों को आर्थिक लाभ पहुंचाया है। वहीं, मूंग की फसल पर मौसम की मार साफ दिखाई दी। मूंग की पैदावार बहुत कम होने से किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें साफ दिखाई दे रही हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 26, 2026, 02:52 IST
Aligarh News: सरकारी क्रय केंद्र पर नहीं खरीदी जा रही गीली मक्का #AligarhNews #WetMaize #SubahSamachar
