West Asia LIVE: तेहरान के 14-सूत्रीय प्रस्ताव पर आया US का जवाब, ईरान कर रहा अमेरिकी प्रतिक्रिया की समीक्षा
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने रविवार को बताया कि तेहरान को अपने प्रस्ताव पर वॉशिंगटन का जवाब मिल गया है। यह संदेश पाकिस्तान के माध्यम से ईरान तक पहुंचा है। बघाई ने कहा कि ईरान इस समय अमेरिकी नजरिए की समीक्षा कर रहा है। पूरी प्रक्रिया खत्म होने के बाद ईरान अपनी प्रतिक्रिया देगा। बघाई ने जोर देकर कहा कि ईरान का '14 सूत्रीय प्रस्ताव' केवल क्षेत्र में चल रहे युद्ध को खत्म करने के लिए है। इसमें परमाणु मुद्दे से जुड़ी कोई बात शामिल नहीं है। उन्होंने बताया कि इस समय उनका पूरा ध्यान लेबनान सहित पूरे क्षेत्र में लड़ाई रोकने पर है। उन्होंने उन खबरों को भी गलत बताया जिनमें कहा गया था कि प्रस्ताव में होर्मुज जलडमरूमध्य से बारूदी सुरंगें हटाने की बात है। ईरान ने किसी भी दबाव या समय सीमा के तहत बातचीत करने से साफ इनकार कर दिया है। तेहरान चाहता है कि सभी मुद्दों का समाधान 30 दिनों के भीतर हो, जबकि अमेरिका ने दो महीने के संघर्षविराम का सुझाव दिया था। ईरान की मुख्य मांगों में उसकी जमी हुई संपत्ति को मुक्त करना, प्रतिबंध हटाना और क्षेत्र से अमेरिकी सेना की वापसी शामिल है। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा कि अब गेंद अमेरिका के पाले में है। उसे कूटनीति या टकराव में से एक रास्ता चुनना होगा। दूसरी ओर, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि वह इस योजना की समीक्षा करेंगे, लेकिन उन्हें नहीं लगता कि यह स्वीकार करने लायक होगी। ट्रंप ने चेतावनी दी कि सैन्य विकल्प अभी भी खुले हैं। उन्होंने कहा कि ईरान ऐसी चीजें मांग रहा है जिन्हें वह मान नहीं सकते।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 04, 2026, 03:34 IST
West Asia LIVE: तेहरान के 14-सूत्रीय प्रस्ताव पर आया US का जवाब, ईरान कर रहा अमेरिकी प्रतिक्रिया की समीक्षा #World #International #IranIsraelWar #WestAsiaConflict #UsIranWar #Ceasefire #UsIranCeasefire #Iran #Usa #DonaldTrump #SubahSamachar
