Bareilly News: सड़कों पर लहर, घरों में कैद हुआ शहर
बरेली। 55 मिलीमीटर बारिश ने नगर निगम के दावों की पोल खोल दी। अफसर जलभराव से निपटने की पुख्ता तैयारी का दावा करते रहे, इधर शहर जलमग्न हो गया। सोमवार सुबह जब शहरवासियों की आंख खुली तो वे घर से बाहर नहीं निकल सके। सड़कों पर जलभराव के बीच वाहनों के गुजरने पर लहरें उठ रही थीं। हजियापुर में सड़क व नाले में कोई अंतर ही नहीं दिख रहा था। नालों की बैरिकेडिंग की वजह से हादसे की आशंका कम रही, पर लोगों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ा। सुभाषनगर पुलिया के नीचे जलभराव की वजह से बच्चे स्कूल नहीं जा सके। सुभाषनगर, संजयनगर, मॉडल टाउन, मलूकपुर और बिहारीपुर में सड़कों पर कई फुट तक पानी भर गया। सुभाषनगर पुलिया के नीचे हुए जलभराव से यातायात व्यवस्था ठप हो गई। स्कूल वैन सुभाषनगर में प्रवेश नहीं कर पाईं, जिसके चलते बच्चे स्कूल नहीं जा पाए। वीआईपी इलाकों में शुमार मॉडल टाउन में रिक्खी सिंह इंटर कॉलेज के पास की सड़कें जलमग्न रहीं। छात्र साइकिलों से पानी के बीच से निकलते दिखाई दिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 02:38 IST
Bareilly News: सड़कों पर लहर, घरों में कैद हुआ शहर #WavesOnTheStreets #CityImprisonedInHomes #SubahSamachar
