Hathras: दो साल से जलभराव, भड़के लोगों ने फूंका पुतला, सड़क पर तख्त-साइकिल और सीढ़ी रख लगाया जाम
हाथरस शहर के सादाबाद गेट स्थित चूना वाला डंडा बाजार में गंदगी और जलभराव से परेशान स्थानीय लोगों का गुस्सा 21 फरवरी को फूट पड़ा। गुस्साए लोगों ने सड़क पर तख्त, साइकिल और बांस की सीढ़ी रखकर जाम लगा दिया। नगर पालिका प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए पुतला फूंका। इस दौरान दोपहर 12 बजे से तीन बजे तक करीब तीन घंटे तक जाम लगा रहा। जिससे सादाबाद गेट से चामड़ गेट तक एक किमी के दायरे में यातायात पूरी तरह ठप हो गया। इसका असर सब्जी मंडी, मेड़ू गेट चौराहा और जलेसर रोड चौराहा तक रहा। सैकड़ों वाहन फंसे रहे। भड़के लोगों का कहना था कि क्षेत्र में नियमित सफाई नहीं हो रही है। नालियां कूड़े से चोक हैं। बिना बारिश के भी पानी दुकानों के सामने भर जाता है। नगर पालिका और जिला प्रशासन से कई बार शिकायत की गई। मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर भी प्रार्थना पत्र दिया गया, लेकिन समाधान नहीं हुआ। बीते दो साल से हालात बदतर हो चुके हैं। गंदगी और जलभराव के कारण दुकानों पर ग्राहकों का आना कम हो गया है। पास में एक मंदिर है, श्रद्धालुओं को गंदगी के बीच से आना-जाना पड़ता है। स्कूल जाने वाले बच्चों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी परेशानी और बढ़ जाती है। हंगामा, प्रदर्शन और जाम लगने के बाद मौके पर पहुंचे नगर पालिका के ईओ रोहित सिंह ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया, जिसके बाद लोगों ने जाम खोल दिया। ईओ ने बताया कि लोगों को समझा दिया गया है। समस्या का जल्द समाधान करा दिया जाएगा। प्रदर्शन में मनोज कुमार, बीरेंद्र बंसल, अर्पित वार्ष्णेय, शिवम अग्रवाल, नरेश, मनीष गर्ग, पवन खंडेलवाल, अचिन अग्रवाल, कांता देवी, किशोर, अजय, प्रदीप, राजेश, मुरारी लाल बाबा, लखन सहित अन्य लोग मौजूद रहे। सादाबाद गेट, चूना वाला डंडा बाजार से चामड़ गेट चौराहे तक नालियां चोक हैं। गंदा पानी उफन कर दुकानों के सामने भर जाता है, जिससे ग्राहक नहीं आते।-मनोज वार्ष्णेय, स्थानीय दुकानदार कन्नूमल टालीवाल धर्मशाला के सामने जलभराव से लोग परेशान हैं। कई शिकायतों के बाद भी सुनवाई नहीं हुई, इसलिए जाम लगाकर पुतला दहन किया।-बीरेंद्र बंसल निवासी चामड़ गेट। बीते दो साल से जलभराव हो रहा है। दुकानों पर ग्राहक आना बंद हो गए हैं। मजबूरी में लोगों को जाम लगाकर प्रदर्शन करना पड़ा। सुनवाई नहीं हो रही है।-अर्पित वार्ष्णेय, क्षेत्रीय निवासी। चामड़ गेट चौराहे से चूना वाला डंडा बाजार तक बिना बारिश के पानी भर रहा है। शिकायतों के बाद भी कार्रवाई न होने पर प्रदर्शन किया, ताकि अफसर नींद से जागे।-शिवम अग्रवाल, दुकानदार।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 22, 2026, 09:32 IST
Hathras: दो साल से जलभराव, भड़के लोगों ने फूंका पुतला, सड़क पर तख्त-साइकिल और सीढ़ी रख लगाया जाम #CityStates #Hathras #WaterLogging #JalBharav #ChuneWalaDandaHathras #PutlaJalaya #TrafficJam #Hungama #SadabadGateHathras #HathrasNews #SubahSamachar
