Jind News: बारिश के बाद बड़नपुर में जलभराव से बढ़ी परेशानी, ठेकेदार की लापरवाही पर ग्रामीणों का रोष
नरवाना। गांव बड़नपुर में गंदे पानी की निकासी का कार्य समय पर पूरा न होने से बारिश के बाद हालात बिगड़ गए हैं। मुख्य गलियों, तीनों स्कूलों, नरवाना-बड़नपुर मार्ग तथा नायक, वर्मा, जांगड़ा, सैन, जाट और पंडित बस्तियों में जलभराव होने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने इसके लिए ठेकेदार की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। पूर्व सरपंच डॉ. जोगिन्द्र श्योकंद ने बताया कि जिस कार्य को 12 दिन में पूरा होना था, वह दो महीने बाद भी अधूरा पड़ा है। इससे गांव में गंदे पानी की समस्या और गंभीर हो गई है। बुधवार को एडीसी जींद प्रदीप कुमार ने गांव का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। उनके साथ पंचायती राज, जनस्वास्थ्य और सिंचाई विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। ग्रामीणों के अनुसार एडीसी ने कार्य में देरी पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को फटकार लगाते हुए जल्द काम पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारी ने नए तालाब तक पाइपलाइन बिछाने के लिए 45 दिन का समय निर्धारित किया। ग्रामीणों का कहना है कि यदि कार्य की रफ्तार नहीं बढ़ी तो बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ेगी। मौके पर ज्ञानी फौजी, राजबीर, बलवान, कलवंत, विक्रम, ओमप्रकाश, दलबीर, सुरेश शर्मा मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 04, 2026, 19:56 IST
Jind News: बारिश के बाद बड़नपुर में जलभराव से बढ़ी परेशानी, ठेकेदार की लापरवाही पर ग्रामीणों का रोष #WaterloggingInBaranpurWorsensProblemsAfterRain #VillagersExpressAngerOverContractor'sNegligence #SubahSamachar
