Una News: लो-हाई वोल्टेज ड्रामे से पानी की स्कीमें हुई ठप
जोल (ऊना)। बिजली बोर्ड के उपमंडल चौकीमन्यार में बोर्ड की लापरवाही और लचर कार्यप्रणाली का खामियाजा एक बार फिर ग्रामीण जनता को भुगतना पड़ रहा है। क्षेत्र में बिजली आपूर्ति पूरी न होने और लगातार जारी लो-हाई वोल्टेज ड्रामे के कारण जल शक्ति विभाग की पेयजल योजनाएं पूरी तरह से ठप हो गई हैं। स्थिति इतनी बदत्तर हो चुकी है कि तपती गर्मी के मौसम में ग्रामीण बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। जानकारी अनुसार एक सप्ताह से अधिक समय से लो वोल्टेज के कारण जल शक्ति विभाग की चौकीमन्यार स्कीम ठप पड़ी है। जिस कारण जोल, चौकीमन्यार, भलोण, बैरियां, सोहारी, भिंडला, टकोली पंचायतों में पीने के पानी की सप्लाई पूरी नहीं हो पा रही है। लोग पानी के टैंकर मंगवाकर गुजर बसर कर रहे हैं। शिवदास, अनिल ठाकुर, साहिल ठाकुर सहित अन्य ग्रामीणों का कहना है कि बिजली की वोल्टेज इतनी कम होती है कि बल्ब भी टिमटिमाते हैं। ऐसे में पानी की मोटर कैसे चलेगी। पशुओं को पानी पिलाने और अन्य घरेलू कार्यों के लिए ग्रामीणों को मीलों दूर स्थित कुओं, बावड़ियों या निजी नलकूपों पर निर्भर होना पड़ रहा है। वहीं ग्राम पंचायत बैरियां के प्रधान अपूर्व ठाकुर, जोल के प्रधान उमेश शर्मा, चोली के उपप्रधान रविंद्र सिंह ने कहा कि पानी आपूर्ति के लिए जल शक्ति विभाग को लो वोल्टेज की समस्या पेश आ रही है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटों के भीतर बिजली आपूर्ति में सुधार नहीं किया गया और पेयजल आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे बिजली घर का घेराव करेंगे और सड़क पर उतरकर चक्का जाम करने को मजबूर होंगे ।जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता नीरज धीमान का कहना है कि लो वोल्टेज के कारण पंपिंग मशीनें और स्कीम पर लगी बड़ी मोटरें स्टार्ट ही नहीं हो पा रही हैं। अगर जबरन मोटर चलाने का प्रयास किया जाए तो लाखों रुपये की मशीनरी और कॉइल्स जलने का खतरा बना रहता है। इस संबंध में बिजली बोर्ड के उच्चाधिकारियों को अवगत करवाया गया है। चौकीमन्यार बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता विवेक का कहना है कि लो वोल्टेज की समस्या ध्यान में है और जल शक्ति विभाग की लिखित शिकायत भी आई है। जल्द ही लो वोल्टेज की समस्या का हल करके पानी की स्कीम चलाने का प्रयास किया जा रहा है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 23:29 IST
Una News: लो-हाई वोल्टेज ड्रामे से पानी की स्कीमें हुई ठप #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
