प्यास का कारोबार: सरकारी नल सूखे, 400 रुपये माह में निजी पाइपलाइन के जरिए घरों में बिक रहा पानी

सरकार की हर घर नल योजना के दावों के बीच अलीगढ़ केखैर रोड स्थित जलालपुर चौकी के पीछे का इलाका आज भी सरकारी पेयजल आपूर्ति से वंचित है। यहां निजी पाइपलाइन बिछाकर पानी के कारोबार का खेल चल रहा है। सरकारी पेयजल की आपूर्ति नहीं होने से लोगों को पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। वर्षों से बनी यह स्थिति व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है। लोगों का आरोप है कि कई मोहल्लों में नियमित और पर्याप्त पानी की आपूर्ति नहीं हो रही। ऐसे में लोगों को निजी पाइपलाइन और टैंकरों से पानी खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। पानी खरीदकर पीना अब मजबूरी बन गया है। एक तरह से निजी स्तर पर पानी बेचने का संगठित नेटवर्क चल रहा है। ऐसे में यह सवाल उठता है कि क्या सरकारी जलापूर्ति की कमी का फायदा उठाकर यहां अवैध रूप से पानी का कारोबार किया जा रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई मोहल्लों में अब तक नगर निगम की पाइपलाइन तक नहीं बिछी है। ऐसे में कुछ लोग निजी मोटर और पाइप लाइन के जरिए पानी की आपूर्ति कर पैसे वसूल रहे हैं। आरोप है कि शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा। पीन के पानी की समस्या पिछले 10 वर्षों से बनी हुई है। कई बार शिकायतों के बाद भी इस समस्या के समाधान के लिए कोई प्रयास नहीं हो रहे हैं। इलाके में कुछ लोग निजी पाइपलाइन के जरिए पानी उपलब्ध कराते हैं और उसके बदले पैसे लेते हैं। प्रशासन को इसकी जांच करानी चाहिए कि आखिर लोगों को पानी खरीदने की नौबत क्यों आ रही है।- मुनव्वर सलीम, ढोलक वाली गली जलालपुर यूं तो यहां जलभराव, गंदगी, बिजली की समस्याएं हैं, लेकिन सबसे अधिक समस्या पानी को लेकर है। कई बार क्षेत्रीय पार्षद, नगर निगम, जलकल विभाग और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। - समीना, जलालपुर लोगों ने इलाके में पानी की पाइप लाइन बिछा रखी है और मीटर के हिसाब से पानी देते हैं। दिन में सिर्फ एक बार ही पानी आता है। बदले में हर महीने न्यूनतम 400 रुपये तक किराया वसूलते हैं। अगर दिन में पानी न भर पाए तो अगले दिन तक पानी की किल्लत झेलनी पड़ती है। - शबनम, जलालपुर निजी पाइप लाइन से पानी लेना मजबूरी है। वह भी दिन में केवल एक बार ही आता है। कई बार तो इतना कम आता है कि घर का काम भी नहीं चल पाता। इससे काफी दिक्कतें होती हैं। - शमशीरन, अशरफपुर, जलालपुर यदि सरकारी पेयजल आपूर्ति नियमित हो जाए तो निजी स्रोतों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। कोई भी इस समस्या का समाधान कराने पर ध्यान नहीं दे रहा है।- अली हसन, ढोलक वाली गली शहर में पीने के पानी की समस्या के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। यदि पानी की आपूर्ति निजी रूप में पाइप लाइन बिछाकर अवैध तरीके से वसूली की जा रही है तो संबंधित के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई कराई जाएगी। - प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jul 06, 2026, 06:24 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




प्यास का कारोबार: सरकारी नल सूखे, 400 रुपये माह में निजी पाइपलाइन के जरिए घरों में बिक रहा पानी #CityStates #Aligarh #WaterCrisis #HarGharNalYojna #JalalpurAligarh #AligarhNews #WaterSold #AligarhNagarNigam #SubahSamachar