Mandi News: वित्तीय लाभ जारी न करने पर दी आंदोलन की चेतावनी
पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन ने बग्गी में हुई बैठक में उठाए मुद्देसरकार को अगस्त तक मांगें पूरी करने का दिया अल्टीमेटमसंवाद न्यूज एजेंसीबग्गी (मंडी)। नाचन क्षेत्र के धनोटू-सेगली खंड की पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की बैठक बग्गी में खंड अध्यक्ष निक्का राम चौधरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त करते हुए लंबित वित्तीय लाभों, महंगाई भत्ते और अन्य मांगों को लेकर रोष जताया। सदस्यों ने चेतावनी दी कि यदि अगस्त 2026 तक उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। बैठक में 58 से 65 वर्ष तथा 65 से 70 वर्ष आयु वर्ग के सेवानिवृत्त कर्मचारियों ने कहा कि सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले नियमित वित्तीय लाभ अब तक लंबित हैं। उनका आरोप था कि सरकार इन मामलों में लगातार अनदेखी कर रही है, जिससे पेंशनरों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। बैठक के दौरान सदस्य दौलत सिंह सेन ने कहा कि वर्ष 2018 से 2026 के बीच देय महंगाई भत्ते तथा अन्य वित्तीय लाभ समय पर मिलने चाहिए थे लेकिन सरकार लगातार इन्हें टाल रही है। इस स्थिति के लिए बार-बार पिछली सरकारों को जिम्मेदार ठहराना उचित नहीं है। राज्य सरकार से मांग की कि पेंशनरों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाए। साथ ही संयुक्त समन्वय समिति (जेसीसी) की मांगों पर भी सरकार जल्द अपना स्पष्ट पक्ष रखे। यदि अगस्त 2026 तक उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेशभर में आंदोलन शुरू किया जाएगा। खंड अध्यक्ष निक्का राम चौधरी ने कहा कि वर्ष 2016 में तत्कालीन सरकार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों के लाभ रोककर सरकार चलाने का प्रयास किया। इसके बाद भाजपा सरकार ने कोरोना महामारी का हवाला देते हुए पांच वर्ष निकाल दिए और अब वर्तमान सरकार भी सेवानिवृत्त कर्मचारियों के साथ पूर्ववर्ती सरकारों जैसा ही व्यवहार कर रही है। सरकार को ऋणों का हवाला देकर कर्मचारियों के वित्तीय एवं अन्य वैधानिक लाभ रोकने की नीति छोड़नी चाहिए। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष भूप सिंह, युधिष्ठिर शर्मा, नैन सिंह, तारा चंद ठाकुर, कोषाध्यक्ष जगदीश चंद, प्रेस सचिव इंद्र सिंह, खूब राम ठाकुर, दौलत सिंह सेन, परस राम आचार्य, लाल सिंह सहित अन्य सदस्यों ने भाग लिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 20, 2026, 17:16 IST
Mandi News: वित्तीय लाभ जारी न करने पर दी आंदोलन की चेतावनी #WarningOfAgitationIssuedOverNon-releaseOfFinancialBenefits. #SubahSamachar
