Ujjain News: भैरवगढ़ जेल में बर्थडे पार्टी का दूसरा मामला आया सामने, अधीक्षक का डांस बना चर्चा का विषय
उज्जैन में 13 जुलाई सोमवार को केंद्रीय जेल भैरवगढ़ का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें उप जेल अधीक्षक सुरेश गोयल जेल अधीक्षक की बर्थडे पार्टी में जेल कर्मियों के साथ डांस करते हुए नजर आ रहे थे। इस वीडियो के वायरल होने पर जमकर बवाल मचा था और उपजेल अधीक्षक सुरेश गोयल ने इस डांस पर यह सफाई भी दी थी की थकान और तनाव दूर करने के लिए जेल अधीक्षक मनोज साहू के जन्मदिन पर हम लोगों ने यह डांस किया था। अभी उप जेल अधीक्षक सुरेश गोयल का यह वीडियो सुर्खियों में ही बना हुआ था कि आज फिर जेल अधीक्षक मनोज कुमार साहू का बर्थडे पार्टी के दौरान अपनी पत्नी के साथ डांस करने कावीडियो वायरल हो गया। केंद्रीय जेल भैरवगढ़ मे लगता है जैसे अब वह समय गुजर चुका हैं जब यहां पर योग, प्राणायाम, प्रवचन के साथ ही कैदियों को सुधारने के लिए कई आध्यात्मिक कार्यक्रम होते थे। इन दिनों केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं जिसमें उप जेल अधीक्षक सुरेश गोयल जहां गोविंदा के गाने आपके आ जाने पर डांस करते दिखाई दे रहे हैं, तो वहीं जेल अधीक्षक मनोज साहू अपनी पत्नी के साथ फिरकी वाली तू कल फिर आना गाने पर डांस कर रहे हैं। वीडियो को देखने पर पता चलता है कि इसमें स्वागत के दौर पर जो होर्डिंग लगाया गया है। उसमें केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के नीचे लव लिखा गया है। वीडियो में कुछ जेलकर्मी जेल अधीक्षक और उनकी पत्नी के डांस पर तालियां बजाते और कुछ लोग फोटो वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं इस वीडियो की चर्चा पूरे शहर में है और शहरवासी इस पर तरह-तरह की प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। 13 जुलाई को भी वायरल हुआ था वीडियो सोशल मीडिया पर केंद्रीय जेल भैरवगढ़ उज्जैन का एक वीडियो 13 जुलाई को वायरल हुआ था। जिसमें केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के उप जेल अधीक्षक सुरेश गोयल के साथ ही कुछ जेल कर्मी जमकर डांस करते नजर आ रहे थे। इस वीडियो में आर्केस्ट्रा के साथ ही केक काटने की भी व्यवस्था की गई थी और इसी आयोजन में उप जेल अधीक्षक सुरेश गोयल और जेल कर्मियों ने गोविंदा के गाने दिल बहलता है मेरा आपके आ जाने पर डांस किया था। मनोज साहू का बयान मनोज साहू, (जेल अधीक्षक) ने कहा कि जेल मे मेरे जन्मदिन पर कार्यक्रम का आयोजन था जिस पर मैंने पत्नी के साथ डांस किया है। इसमें गलत कुछ भी नहीं है और ना ही इससे किसी भी तरह की अनुशासनहीनता होती है। जेल सुरक्षा पर उठे गंभीर सवाल इस घटना ने केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में भ्रष्टाचार, सख़्ती की कमी और निगरानी तंत्र की कमजोरियों को उजागर किया है। याद रहे की भैरवगढ़ जेल में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था लंबे समय से सवालों के घेरे में रही है। समय-समय पर मोबाइल फोन मिलने, वीआइपी सुविधाओं के इस्तेमाल और कैदियों के लिए विशेष इंतजाम की खबरें सामने आती रही हैं। इसी कड़ी में पहले उप जेल अधीक्षक सुरेश गोयल और अब जेल अधीक्षक मनोज साहू के डांस पार्टी का वीडियो वायरल हुआ, इस घटना ने जेल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। ये भी पढ़ें-MP: आज हाईकोर्ट में सुनवाई जारी, जानिए 27% OBC आरक्षण विवाद क्या है और अभ्यर्थियों पर इसका क्या असर पड़ेगा पहली बार सामने आया ऐसा वीडियो केंद्रीय जेल भैरवगढ़ में वैसे तो कैदियों के सुधार को लेकर कई शिविर और धार्मिक आयोजन होते हैं जिससे कैदी कई तरह की अच्छी बातें भी सिखते हैं लेकिन पहली बार सोशल मीडिया पर केंद्रीय जेल भैरवगढ़ के ऐसे वीडियो वायरल हो रहे है जिसमें जेल कर्मी इस तरह से मौज मस्ती करते दिखाई दे रहे हैं। जबकि यह एक ऐसा स्थान है जहां पर मुस्तेद होना काफी आवश्यक है, अगर इस तरह की मौज मस्ती के दौरान कोई भी अप्रिय घटना घटित होती तो इसका जिम्मेदार कौन होता। जेल अधीक्षक का पत्नी के साथ फिरकी वाला डांस करते हुए का चित्र।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jul 16, 2026, 11:20 IST
Ujjain News: भैरवगढ़ जेल में बर्थडे पार्टी का दूसरा मामला आया सामने, अधीक्षक का डांस बना चर्चा का विषय #CityStates #MadhyaPradesh #Ujjain #UjjainNews #BhairavgarhCentralJail #JailSuperintendent #ViralVideo #ManojKumarSahu #SureshGoyal #SubahSamachar
