Sonipat News: ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा
गोहाना। गांव कथूरा में अमर उजाला की तरफ से आयोजित चौपाल में ग्रामीणों को पशु चिकित्सक डॉ. सुनील शर्मा ने सरकार की विभिन्न योजनाओं व आईटीआई इंस्ट्रक्टर अजय कुमार रोजगार के अवसरों की जानकारी दी। ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं रखीं और समाधान के सुझाव भी अधिकारियों के समक्ष रखे। इस पर दोनों अधिकारियों ने कुछ समस्या का मौके पर समाधान किया व कुछ का कराने का आश्वासन दिया। पशुपालकों ने चौपाल में सरकारी पशु चिकित्सालय में दवाइयों की उपलब्धता से संबंधित समस्याओं को उठाया तो युवाओं ने आईटीआई पाठ्यक्रमों और प्रवेश प्रक्रिया से जुड़ी व्यावहारिक कठिनाइयों से अधिकारियों को अवगत कराया। मौके पर अधिकारियों ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। कार्यक्रम के अंत में दोनों मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। चौपाल के माध्यम से ग्रामीणों को जहां विभिन्न योजनाओं की महत्वपूर्ण जानकारी मिली वहीं अपनी समस्याओं को सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर भी प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में करीब 40 ग्रामीणों और युवाओं ने भाग लिया।पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना की दी जानकारीपशु चिकित्सक डॉ. सुनील शर्मा ने पशुपालन विभाग की तरफ से संचालित चार प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। इसमें बताया कि पशुधन किसान क्रेडिट कार्ड योजना के तहत डेयरी व्यवसाय के लिए 1.60 लाख रुपये तक का ऋण मात्र चार प्रतिशत वार्षिक ब्याज दर पर उपलब्ध कराया जाता है। वहीं पशुधन बीमा योजना के बारे में बताया कि इसमें पशुपालक को बीमा प्रीमियम का केवल 15 प्रतिशत हिस्सा वहन करना पड़ता है जबकि शेष 85 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा दी जाती है। इसके अलावा उत्तम नस्ल प्रोत्साहन योजना के अंतर्गत बेहतर नस्ल के दुधारू पशुओं के अधिक दूध उत्पादन पर प्रोत्साहन राशि प्रदान की जाती है। डॉ. शर्मा ने वर्तमान में चल रहे विशेष टीकाकरण अभियान और पशुओं के ऑनलाइन रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली की भी जानकारी दी तथा पशुपालकों से इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।युवाओं को बताए कौशल विकास और रोजगार के अवसरआईटीआई इंस्ट्रक्टर अजय कुमार ने युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के विभिन्न अवसरों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में तकनीकी दक्षता रोजगार प्राप्त करने का सबसे प्रभावी माध्यम है और आईटीआई संस्थान युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण उपलब्ध करा रहे हैं।विकास योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने का लिया संकल्पसरपंच प्रतिनिधि नवीन ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने और गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। गोहाना के गांव कथूरा में आयोजित चौपाल में ग्रामीण अपनी समस्याएं बताते हुए। संवाद गोहाना के गांव कथूरा में आयोजित चौपाल में ग्रामीण अपनी समस्याएं बताते हुए। संवाद
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 06, 2026, 20:48 IST
Sonipat News: ग्रामीणों ने रखीं समस्याएं, अधिकारियों ने दिया समाधान का भरोसा #VillagersRaisedTheirProblems #OfficialsAssuredThemOfASolution. #SubahSamachar
