Una News: अवैध खनन पर भड़के ग्रामीण, आधी रात को मौके पर पहुंचकर किया विरोध
नंगल। उपमंडल नंगल के गांव भल्लड़ी में स्वां नदी में कथित अवैध खनन को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा एक बार फिर फूट पड़ा। शनिवार देर रात खनन की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और सोशल मीडिया पर लाइव होकर पंजाब सरकार व स्थानीय प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वे चक्का जाम करने के लिए मजबूर होंगे।ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले भी गांव के लोगों ने मौके पर पहुंचकर खनन में लगी मशीनों और टिपरों को रोक दिया था तथा प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन किया था। इसके बाद पंचायत की बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि गांव की सीमा में किसी भी प्रकार का खनन नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि मशीनरी को इस आश्वासन पर छोड़ा गया था कि भविष्य में यहां दोबारा खनन नहीं होगा लेकिन इसके बावजूद रात के अंधेरे में फिर से खनन शुरू कर दिया गया।प्रदर्शन के दौरान प्रसिद्ध गोताखोर कमलप्रीत सिंह सैनी, आम आदमी पार्टी के ब्लॉक प्रधान राकेश वर्मा, पूर्व सरपंच हरपाल सिंह, सरपंच होशियार सिंह, रणजीत सिंह सैनी, अमरीक सिंह, निरंजन सिंह, सुरजीत सिंह झांगड़ा, जगवीर सिंह जग्गी, चरण सिंह, मेजर सिंह सहित अन्य ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि खनन माफिया उनकी निजी जमीनों पर भी अंधाधुंध खनन कर रहा है। उन्होंने यह भी दावा किया कि खनन का विरोध करने वालों को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं।ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि यदि खनन पूरी तरह वैध है तो यह कार्य केवल रात के समय ही क्यों किया जाता है। उनका आरोप है कि अवैध खनन प्रशासन और खनन विभाग की मिलीभगत से चल रहा है।मामले पर खनन विभाग के एक्सईएन भावुक शर्मा ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद विभाग के जेई को जांच के लिए मौके पर भेजा गया था। वहीं जेई राजपाल ने जांच के दौरान खनन को अवैध पाए जाने की पुष्टि करते हुए कहा कि दोषियों के खिलाफ नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 27, 2026, 23:30 IST
Una News: अवैध खनन पर भड़के ग्रामीण, आधी रात को मौके पर पहुंचकर किया विरोध #UnaNews #UnaTodayNews #UnaUpdate #News #Breaking #SubahSamachar
