विकसित भारत युवा संसद : शहजादपुर की बेटी अपूर्वा शर्मा को सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता सम्मान से नवाजा

सोनीपत। गांव शहजादपुर की रहने वाली बेटी अपूर्वा शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाई। उन्हें विकसित भारत युवा संसद-2026 में बेहतरीन प्रस्तुति के आधार पर सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता सम्मान से नवाजा गया। नई दिल्ली स्थित संविधान सदन (पुराना संसद भवन) के सेंट्रल हॉल में आयोजित कार्यक्रम में 105 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था। इनमें हरियाणा से केवल 3 प्रतिभागी चुने गए थे जिनमें जिले की बेटी अपूर्वा शर्मा भी शामिल रहीं। इस उपलब्धि से न केवल उनका परिवार बल्कि पूरा सोनीपत और हरियाणा गौरवान्वित हुआ है।15 से 17 जून तक आयोजित हुए युवा संसद कार्यक्रम में प्रतिभागियों को सांसद और विभिन्न मंत्रालयों की भूमिकाएं सौंपी गईं। अपूर्वा शर्मा को सांसद की भूमिका मिली। प्रश्नकाल के दौरान उन्होंने खेलो इंडिया, महिला खिलाड़ियों के लिए सुविधाओं, ग्रामीण प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और वर्ष 2036 ओलंपिक के लिए भारत की तैयारियों से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम पर प्रश्न उठाते हुए महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी और नेतृत्व क्षमता को लेकर चर्चा की। उनके प्रश्नों की गहराई और प्रस्तुति शैली ने निर्णायकों का ध्यान आकर्षित किया। अपूर्वा शर्मा ने बताया कि युवा संसद के लिए देशभर से करीब 44 हजार युवाओं ने आवेदन किया था। जिला स्तर पर उन्होंने आपातकाल विषय पर प्रस्तुति दीं जबकि राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में वर्ष 2026 के बजट पर भाषण देकर राष्ट्रीय स्तर के लिए जगह बनाई। युवा संसद में 105 प्रतिभागियों में से केवल चार युवाओं को विशेष पुरस्कार प्रदान किए गए। अपूर्वा शर्मा को बेस्ट क्वेश्चनर का खिताब, एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि, सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट और स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। यह पुरस्कार उन्हें केंद्रीय मंत्री रक्षा निखिल खड़से के हाथों मिला। अपूर्वा शर्मा जीवीएम गर्ल्स कॉलेज में बीएससी अंतिम वर्ष की छात्रा हैं। उनका लक्ष्य सैन्य अधिकारी बनना और आगे चलकर यूपीएससी परीक्षा उत्तीर्ण कर देश सेवा करना है। उनका कहना है यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने की प्रेरणा देता रहेगा। फोटो : नई दिल्ली में शहजादपुर की रहने वाली बेटी अपूर्वा शर्मा को सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता सम्मान

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 19, 2026, 19:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »




विकसित भारत युवा संसद : शहजादपुर की बेटी अपूर्वा शर्मा को सर्वश्रेष्ठ प्रश्नकर्ता सम्मान से नवाजा #ViksitBharatYouthParliament:ApoorvaSharma #DaughterOfShahzadpur #HonoredWithThe'BestQuestioner'Award. #SubahSamachar