जींद: नशीला पदार्थ खिला महिलाओं के गहने लुटने वाली महिला गिरफ्तार

शहर में ब्यूटी पार्लर और दुकान में अकेली महिलाओं को नशीला पदार्थ खिला गहने लुटने की आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी महिला उषा भिवानी रोड स्थित विकास नगर की रहने वाली है। पूछताछ में महिला ने दो वारदातों को कबूला है। पुलिस ने महिला को अदालत में पेश कर एक दिन का रिमांड हासिल किया है। बुधवार को डीएसपी ऋषभ सोढ़ी ने प्रेसवार्ता के दौरान बताया कि महम निवासी रोहित ने एफआईआर में बताया था कि वह एक साल से अपने मामा के घर कृष्णा कॉलोनी में रहता है। उसकी मामी सोनिया ने कृष्णा कॉलोनी में ही ब्यूटी पार्लर की दुकान कर रखी है। 11 अप्रैल को उसकी मामी हर रोज की तरह अपनी दुकान पर गई हुई थी दोपहर को उसे पता चला कि कोई अज्ञात महिला उसकी मामी को बातों में उलझा नशीला पदार्थ खिलाकर मंगलसूत्र, कानों की बालियां और एक अंगूठी चुरा कर ले गई। पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ चोरी और धोखाधड़ी की धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। वहीं एक दूसरे मामले में सैनी मोहल्ला निवासी पंकज ने एफआईआर में बताया था कि उसकी पत्नी की जय अंबे के नाम से तांगा चौक जींद में दुकान है। पिछले दिनों किसी अज्ञात महिला ने उसकी पत्नी को अपनी बातों में उलझाकर खाद्य पदार्थ में नशीली वस्तु मिलाकर खिलाकर बेहोश कर दिया। इसके बाद वह उसकी पत्नी की तीन सोने की अंगूठी चोरी कर ले गई थी। इन घटनाओं के बाद एसपी कुलदीप सिंह ने मामले की जांच डिटेक्टिव स्टाफ को सौंपी गई। इस मामले में कार्रवाई करते हुए डिटेक्टिव स्टाफ ने भिवानी रोड स्थित विकास नगर निवासी महिला उषा को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए उसे एक दिन के रिमांड पर लिया है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Apr 15, 2026, 18:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


जींद: नशीला पदार्थ खिला महिलाओं के गहने लुटने वाली महिला गिरफ्तार #SubahSamachar