VIDEO:स्वतंत्रता दिवस को लेकर मथुरा जंक्शन पर बढ़ाई गई सतर्कता
मथुरा। स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी गई है। मंगलवार को मथुरा जंक्शन पर आरपीएफ और जीआरपी की टीमों ने संयुक्त रूप से चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और अनारक्षित टिकट घर समेत यात्रियों की आवाजाही वाले स्थानों पर जांच की गई। सुरक्षा कर्मियों ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध वस्तुओं और लावारिस सामान की जांच की। यात्रियों के सामान पर भी नजर रखी गई। इसके अलावा प्लेटफॉर्म पर आने-जाने वाले यात्रियों और स्टेशन परिसर में मौजूद लोगों की गतिविधियों को भी देखा गया। अचानक की गई जांच से स्टेशन पर कुछ देर के लिए हलचल रही। सुरक्षा टीमों ने यात्रियों से अपील की कि वे अपना सामान को लावारिस हालत में न छोड़ें। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तत्काल रेलवे सुरक्षा बल अथवा राजकीय रेलवे पुलिस को दें। आरपीएफ के सहायक सुरक्षा आयुक्त अरुण कुमार वर्मा ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर स्टेशन और ट्रेनों में निगरानी बढ़ाई गई है। आने वाले दिनों में भी अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान जारी रहेगा। रेलवे स्टेशन पर प्रवेश और निकास के साथ प्लेटफॉर्म पर भी सुरक्षा कर्मियों की तैनाती बढ़ाई जा रही है। जीआरपी के क्षेत्राधिकारी राजेश दीक्षित का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर सख्त निर्देश दिए गए हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Aug 12, 2026, 13:45 IST
VIDEO:स्वतंत्रता दिवस को लेकर मथुरा जंक्शन पर बढ़ाई गई सतर्कता #SubahSamachar
