Video : विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति पहुंची अयोध्या,अफसरों से स्पष्टीकरण तलब
उत्तर प्रदेश विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति बुधवार को अयोध्या पहुंची। यहां सर्किट हाउस में विधान परिषद के सदस्यों और जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ बैठक हुई। बैठक का मुख्य उद्देश्य उन शिकायतों और प्रश्नों के निस्तारण की समीक्षा करना था, जिन्हें पहले विधानसभा या विधान परिषद में उठाया गया था, लेकिन किसी कारणवश लंबित रह गए थे। अध्ययन समिति के सभापति किरण पाल कश्यप ने बताया कि सदन में लंबित रहने वाली शिकायतों और प्रश्नों को विधानसभा अध्यक्ष संबंधित समितियों को हस्तांतरित कर देते हैं। इसके तहत समितियां सीधे जिलों में जाकर अधिकारियों से जानकारी लेकर मामलों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करती हैं। इसी क्रम में समिति अयोध्या आई है। यहां मंडल के पांचों जिलों से जुड़ी विभिन्न शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में पाया गया कि कुछ अधिकारियों ने अभी तक अपनी आख्या प्रस्तुत नहीं की है। इस पर समिति ने सख्त रुख अपनाते हुए उन सभी अधिकारियों को 15 दिनों के भीतर स्पष्टीकरण और विस्तृत आख्या देने का निर्देश दिया है। समिति ने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़ी किसी भी शिकायत को अनदेखा नहीं किया जाएगा और समयबद्ध निस्तारण ही प्राथमिकता होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 03, 2025, 16:48 IST
Video : विधान परिषद की संसदीय अध्ययन समिति पहुंची अयोध्या,अफसरों से स्पष्टीकरण तलब #SubahSamachar
