VIDEO: सपा सांसद अवधेश प्रसाद पर हमलावर हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोले...बिहार ने जातिवाद को नकारा, पीडीए मॉडल विफल
रुदौली विधायक रामचंद्र यादव के भतीजे दंपति को आशीर्वाद देने बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी मिल्कीपुर के घटौली गांव पहुंचे। इस दौरान उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और अयोध्या के सपा सांसद अवधेश प्रसाद के बयान को भ्रामक करार दिया। चौधरी ने कहा कि अवधेश प्रसाद का यह कहना कि दलित होने के कारण उन्हें ध्वजारोहण समारोह में आमंत्रित नहीं किया गया, सरासर गलत है। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ देशवासियों ने भेदभाव मिटाकर मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम मंदिर के शिखर पर सनातनी ध्वजा स्थापित होने का स्वागत किया है। भाजपा किसी के साथ भेदभाव नहीं करती, जबकि भेदभाव की राजनीति सपा और कांग्रेस करती रही हैं। राम मंदिर पर ध्वजा स्थापना के सवाल पर चौधरी ने कहा कि 500 वर्षों के संघर्ष के बाद यह ऐतिहासिक क्षण आया है, जब पूरे देश में सनातन धर्म का गौरव पुनर्जीवित हुआ है। बिहार चुनाव पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि वहां की जनता ने कांग्रेस और सपा की जातिवादी राजनीति को नकार दिया है। पीडीए मॉडल पूरी तरह विफल हो गया है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि आने वाले यूपी 2027 विधानसभा चुनाव में भी भाजपा प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। चौधरी ने कहा कि जनता विकास और राष्ट्रवाद के मुद्दों पर भाजपा के साथ खड़ी है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 26, 2025, 17:15 IST
VIDEO: सपा सांसद अवधेश प्रसाद पर हमलावर हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष, बोलेबिहार ने जातिवाद को नकारा, पीडीए मॉडल विफल #SubahSamachar
