VIDEO: सीने में दर्द से महिला की मौत, ओपीडी में लगी भीड़, सांस लेने में तकलीफ पर सात रोगी भर्ती
मौसम का मिजाज बदला हुआ है, इसका सीधा असर स्वास्थ्य पर पड़ रहा है। जिला अस्पताल में मंगलवार को उमस भरी गर्मी के बीच मरीजों की लाइन लगी। पर्चा काउंटर पर पहले सभी को लाइन लगानी पड़ी तो उसके बाद ओपीडी के बाहर चिकित्सक से इलाज कराने के लिए मरीजों को भीड़ होने के कारण इंतजार करना पड़ा। सीने में दर्द से महिला की मौत हो गई वहीं दो रोगियों को भर्ती किया गया। इसी तरह सांस लेने में तकलीफ होने पर सात मरीजों को भर्ती किया गया। उल्टी और दस्त से बीमार तीन बच्चों को भी वार्ड में भर्ती हुए। मंगलवार को जिला अस्पताल में सुबह आठ बजे से मरीजों की भीड़ दिखी। पर्चा काउंटर के बाहर लाइन लगना शुरू हुई तो दोपहर एक बजे तक लाइन लगी रही। इसी तरह ओपीडी शुरू होते ही मरीजों की भारी भीड़ दिखी। करीब 1700 मरीजों का इलाज किया गया। सीने में दर्द की शिकायत होने पर वार्ड में भर्ती हुई सुरजूपुर सरेनी निवासी प्रेमा देवी की मौत हो गई। ह्दय रोग विभाग में सांस लेने में तकलीफ होने पर कुलदीप, पृथ्वीपाल, पियारा, जगरानी, दुर्गाशंकर, शिवदीन को भर्ती किया गया। इमरजेंसी में उल्टी और दस्त से बीमार बेबी, आयुष (डेढ़ वर्ष), अभय (3) और आयुष (17) को चिकित्सकों ने दवा दी और वार्ड में भर्ती कराया। चिकित्सकों का कहना है कि बदलते मौसम के कारण लोग तेजी से बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। अस्पतालों में मरीजों की संख्या में लगातार वृद्धि हो रही है। चिकित्सक डॉ. रुद्रांश मिश्रा ने बताया कि सांस रोगी के साथ सीने में दर्ज के मरीज बढ़ रहे हैं। इसके साथ ही उल्टी-दस्त जैसी पेट संबंधी बीमारियां भी फैल रही हैं। ऐसे में एहतियात बरतने के साथ ही खानपान पर ध्यान देने की जरूरत है। हवा में नमी के साथ गर्मी है, इस कारण भी दिक्कत अधिक है। लोग धूप में न निकलें और पानी पीते रहें।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 02, 2026, 14:50 IST
VIDEO: सीने में दर्द से महिला की मौत, ओपीडी में लगी भीड़, सांस लेने में तकलीफ पर सात रोगी भर्ती #SubahSamachar
