Video : सुल्तानपुर... शिक्षक दंपती को ट्रेडिंग का झांसा देकर 19 लाख की ठगी

ऑनलाइन पोर्टल से किराये पर कमरा लेकर मकान मालिक शिक्षक दंपती को ट्रेडिंग का झांसा देकर 19 लाख रुपये की ठगी करने के तीन आरोपियों को साइबर पुलिस ने बिहार से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में दो बिहार व एक यूपी के चंदौली जिले का रहने वाला है। आरोपियों के पास से एक बाइक, नौ मोबाइल, टैबलेट ,लैपटॉप, 2950 रुपये, चार एटीएम कार्ड मिले हैं। अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने शुक्रवार को वारदात का खुलासा करते हुए बताया कि शहर के तुराबखानी निवासी शिक्षक शैलेंद्र सिंह ने गत 29 सितंबर को साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। शैलेंद्र के मुताबिक, उन्होंने ऑनलाइन पोर्टल पर अपना कमरा किराये पर दिए जाने का ब्योरा पोस्ट किया था। आरोप है कि दो सितंबर को अजय सिंह यादव निवासी वीरभानपुर गोई, जिला भभुआ बिहार ने उनका मकान किराये पर लिया। कुछ दिन रहने के बाद अजय ने शेयर मार्केट में ट्रेडिंग में मुनाफे का झांसा देकर शैलेंद्र की पत्नी मंशा सिंह से करीब 13.50 लाख रुपये ऑनलाइन ले लिए। आरोपी ने शैलेंद्र के मोबाइल के सिम का इस्तेमाल कर बिना जानकारी दिए उनके नाम से 5.50 लाख रुपये का लोन भी ले लिया। इस तरह आरोपी ने उनके साथ लगभग 19 लाख रुपये की ठगी की। इसके बाद आरोपी भाग निकला। साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रकरण की जांच साइबर इंस्पेक्टर आलोक कुमार सिंह कर रहे थे। मंगलवार रात पुलिस ने बिहार के पटना के सोनारी फतुआ के पास से एक किराये के कमरे से आरोपी अजय सिंह यादव व उसके साथी रंजन यादव निवासी मसौनी, जिला चंदौली, उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया। उनसे पूछताछ के बाद आरोपी के सहयोगी तेज प्रताप यादव को पुलिस ने बुधवार तड़के भभुआ रेलवे स्टेशन रोड के पास से गिरफ्तार किया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Dec 03, 2025, 20:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video : सुल्तानपुर शिक्षक दंपती को ट्रेडिंग का झांसा देकर 19 लाख की ठगी #SubahSamachar