VIDEO: रातभर बिजली गुल रहने पर फूटा लोगों का गुस्सा, पावर हाउस पर हंगामा
लखनऊ के चिनहट के लौलई स्थित कांशीराम कॉलोनी में सोमवार रात करीब 11 बजे बिजली आपूर्ति ठप हो गई। देर रात तक बिजली न आने से परेशान कॉलोनी वासी आक्रोशित हो उठे और बड़ी संख्या में लोग लौलई पावर हाउस पहुंच गए। यहां लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का आरोप था कि कॉलोनी में बिजली की आवाजाही रोज की समस्या बन चुकी है। भीषण गर्मी में घंटों बिजली कटौती से लोगों का जीना मुहाल हो गया है, लेकिन विभाग शिकायतों के बावजूद ध्यान नहीं दे रहा। लोगों के बढ़ते आक्रोश को देख पावर हाउस में मौजूद कर्मचारी वहां से निकल गए। हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर शांत कराया। काफी देर बाद विभाग ने बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास शुरू किया। करीब रात 2:58 बजे कांशीराम कॉलोनी की बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी कि यदि बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 20, 2026, 08:40 IST
VIDEO: रातभर बिजली गुल रहने पर फूटा लोगों का गुस्सा, पावर हाउस पर हंगामा #SubahSamachar
