गुरुग्राम: दो पक्षों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
गुरुग्राम। सेक्टर-37 में वोल्वो शोरूम के पास युवकों के दो पक्षों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्ष के युवक एक-दूसरे पर लाठी-डंडों से हमला कर रहे थे। सड़क पर काफी देर तक युवकों के बीच हाई वोल्टेज ड्रामा व हंगामा चलता रहा। यह वीडियो 31 मई का बताया जा रहा है, लेकिन अभी तक पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी गई है। वायरल वीडियो के आधार पर फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन की है। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों में किसी बात लेकर बहसबाजी व गाली-गलौज शुरू हुई थी, जोकि झगड़े व मारपीट में बदल गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के युवकों ने गाड़ियों व आस-पास से लाठी-डंडे निकाल लिए। इसके बाद सड़क पर ही सरेआम दोनों तरफ से एक-दूसरे पर ताबड़तोड़ वार शुरू हो गए। दोनों पक्षों के युवक एक-दूसरे को दौड़ा-दौड़ाकर पीट रहे थे। एक राहगीर ने अपने मोबाइल में मारपीट की घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। वायरल वीडियो में दिखाई दे रहा है कि दोनों पक्षों के युवक बिना किसी कानून के डर के एक-दूसरे पर डंडों से वार कर रहे थे। हालांकि कुछ लोगाें ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन युवकों ने किसी की नहीं सुनी। वहीं, डंडों के वार से बचने के लिए कुछ युवक शोरूम व दुकानों में घुसने लगे, लेकिन प्रतिष्ठानों के गार्डों ने उनको अंदर नहीं जाने दिया। इसके बाद युवक इधर-उधर भागकर अपनी जान बचा रहे थे। बताया जा रहा है कि युवकों के बीच झगड़े की सूचना मिलने पर पुलिस भी माैके पर पहुंची तो युवक भाग गए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 01, 2026, 17:36 IST
गुरुग्राम: दो पक्षों में मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल #SubahSamachar
