Video: होली के बाद नहाने गया युवक गोमती में डूबा, तलाश जारी

बाजार शुकुल के किशनी गांव निवासी पवन कुमार गुप्ता (23) बुधवार को होली खेलने के बाद गोमती नदी में नहाने के दौरान डूब गए। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश कराई जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक उसका कोई पता नहीं चल सका था। पवन के जीजा उमाशंकर गुप्ता के मुताबिक बुधवार दोपहर करीब 12:30 बजे होली खेलने के बाद पवन गांव के पास बने नवनिर्मित पीपा पुल के पास अपने चचेरे भाइयों पंकज गुप्ता, निखिल गुप्ता और हिमांशु गुप्ता के साथ गोमती नदी में नहाने गए थे। सभी लोग पुल से नदी में कूदकर नहा रहे थे। इसी दौरान पवन गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। साथ में नहा रहे उनके साथियों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन वह पानी में लापता हो गए। इसके बाद किसी तरह बाहर निकलकर उन्होंने परिजनों को घटना की सूचना दी। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू कराई गई। कई घंटे तक नदी में खोजबीन की गई, लेकिन युवक का कोई सुराग नहीं लग सका था। उमाशंकर गुप्ता ने बताया कि पवन मंगलवार को चंडीगढ़ से अपनी मां पार्वती और बहन बबिता के साथ गांव आए थे। 11 मार्च को उनकी बहन की ननद की शादी है, जिसमें शामिल होने के लिए परिवार गांव पहुंचा था। पवन चंडीगढ़ में फल की रेहड़ी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करता था। करीब 20 वर्ष पहले उनके पिता का निधन हो चुका है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मां पार्वती, बहन बबिता और संगीता का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि युवक की तलाश के लिए स्थानीय गोताखोरों को लगाया गया है। एनडीआरएफ टीम को भी सूचना दी गई है। तलाश अभियान जारी है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 04, 2026, 16:36 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Video: होली के बाद नहाने गया युवक गोमती में डूबा, तलाश जारी #SubahSamachar