VIDEO: गैस संकट से भड़का गुस्सा: हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन, उपभोक्ताओं का आरोप- नहीं हो रही होम डिलीवरी
घरेलू गैस सिलेंडर की लगातार किल्लत और वितरण व्यवस्था से परेशान लोगों का सब्र मंगलवार को टूट गया। गुस्साए उपभोक्ताओं ने बालाजी गैस एजेंसी के सामने नेशनल हाईवे जाम कर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन कर रहे बृजेश वर्मा, विशाल, मुसीबत अली, हरिओम और मोहर्रम अली ने बताया कि गैस पाने के लिए उपभोक्ताओं को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पहले गैस बुक करानी पड़ती है, फिर पर्ची लेने के लिए बार-बार एजेंसी के चक्कर लगाने पड़ते हैं। पर्ची मिलने के बाद भी एजेंसी की ओर से यह कहकर टाल दिया जाता है कि “कल सिलेंडर घर पहुंच जाएगा”, लेकिन कई दिनों तक सिलेंडर नहीं पहुंचता। उपभोक्ताओं का आरोप है कि जिलाधिकारी के स्पष्ट निर्देश के बावजूद एजेंसी द्वारा होम डिलीवरी व्यवस्था का पालन नहीं किया जा रहा है। आदेश के अनुसार गोदाम या एजेंसी पर भीड़ लगाकर सिलेंडर वितरण नहीं होना चाहिए, बल्कि प्रत्येक उपभोक्ता के घर सिलेंडर पहुंचाया जाना चाहिए, लेकिन हकीकत इससे उलट है। लोगों का कहना है कि किसी तरह पर्ची मिलने के बाद भी उस पर एक सप्ताह या उससे अधिक की डिलीवरी तिथि लिख दी जाती है। इसके अलावा एजेंसी कर्मी अलग-अलग मोहल्लों में सिलेंडर लेकर पहुंचते हैं और कई क्षेत्रों के लोगों को एक ही जगह बुलाकर वितरण करते हैं, जिससे अव्यवस्था और बढ़ जाती है। हाईवे जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया और समस्या के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: May 05, 2026, 13:07 IST
VIDEO: गैस संकट से भड़का गुस्सा: हाईवे जाम कर किया प्रदर्शन, उपभोक्ताओं का आरोप- नहीं हो रही होम डिलीवरी #SubahSamachar
