Video: गोंडा में मृतक दिखाकर पंचायत मतदाता सूची से हटाए नाम, सैकड़ों लोगों ने डीएम से की शिकायत
पंचायत की अंतिम मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद जिले में गड़बड़ियों को लेकर शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया है। शुक्रवार को करनैलगंज ब्लॉक की कपूरपुर ग्राम पंचायत समेत विभिन्न क्षेत्रों के सैकड़ों लोग जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और मतदाता सूची से नाम काटे जाने की शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों का आरोप है कि राजनीतिक साजिश और मिलीभगत के तहत उनके नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए हैं। कई लोगों को सूची में मृतक दर्शा दिया गया, जबकि वे जीवित हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते सुधार नहीं कराया गया तो वे आगामी पंचायत चुनाव में मताधिकार का प्रयोग करने से वंचित रह जाएंगे। कपूरपुर ग्राम पंचायत के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन को ज्ञापन सौंपकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि बड़ी संख्या में पात्र मतदाताओं के नाम सूची से गायब हैं, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी है। इसी प्रकार धानेपुर और मुजेहना ब्लॉक के ग्रामीणों ने भी मतदाता सूची में नाम कटने, गलत प्रविष्टियां होने और अन्य त्रुटियों की शिकायत प्रशासन से की है। ग्रामीणों ने मांग की है कि सभी शिकायतों का सत्यापन कर पात्र मतदाताओं के नाम सूची में शामिल किए जाएं। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे लोगों का कहना था कि मतदाता सूची में हुई गड़बड़ियां लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित कर सकती हैं। ऐसे में प्रशासन को गंभीरता से जांच कर आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 12, 2026, 08:57 IST
Video: गोंडा में मृतक दिखाकर पंचायत मतदाता सूची से हटाए नाम, सैकड़ों लोगों ने डीएम से की शिकायत #SubahSamachar
