VIDEO: डॉक्टर साहब… एक सप्ताह से बंद नहीं हो रही खांसी, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में उपचार कराने पहुंचे मरीज

शाहगढ़। अडारू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में रविवार को आयोजित मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में बड़ी संख्या में लोग उपचार के लिए पहुंचे। खांसी, बुखार तथा जुखाम की शिकायत लेकर आए मरीजों में अधिकांश ने बताया कि दवाइयां लेने के बावजूद खांसी में आराम नहीं मिल रहा है। कई मरीजों का कहना था कि रात में कफ बढ़ने से सोने में भी कठिनाई हो रही है। मेले के दौरान सुबह 11:10 बजे डॉ. शिवानी मौर्य कक्ष में मरीजों की जांच करती दिखीं। फार्मासिस्ट अनिल जायसवाल दवाओं का वितरण कर रहे थे। एएनएम शशिबाला शर्मा तथा आशा संगिनी पुष्पा सिंह गर्भवती महिला की जांच और टीकाकरण में व्यस्त रहीं। जलामा निवासी बुजुर्ग रामसरन मौर्य ने बताया कि सात दिन से खांसी आ रही है। कई बार कफ सिरप लेने के बाद भी राहत नहीं मिल सकी। डॉ. शिवानी ने जांच करने के बाद दवा देते हुए ठंड से बचने और आराम करने की सलाह दी। अडारू गांव निवासी बुजुर्ग राजकुमार दास ने बताया कि बुखार के साथ खांसी बनी हुई है और ठंड महसूस हो रही है। जांच के बाद डॉक्टर ने ब्लड रिपोर्ट देखकर दवा दी तथा सात दिन बाद दोबारा आने को कहा। अस्पताल परिसर में मिले जलामा निवासी राममनोज ने कहा कि बुखार की परेशानी है, इलाज के बाद दवा मिल गई है। योगेंद्र पाठक चोट लगने के कारण उपचार के लिए पहुंचे। डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद एक दवा बाहर से लेने की सलाह दी, बाकी दवाएं केंद्र से उपलब्ध हुईं। आकांक्षा शुक्ल ने बताया कि बुखार महसूस हो रहा था। जांच के बाद दवा उपलब्ध कराई गई। राजकुमार ने कहा कि सांस फूलने की समस्या है। जांच के बाद चिकित्सक ने दवा दी तथा पुनः सात दिन बाद दिखाने को कहा। मेले में कुल 56 मरीजों का पंजीकरण तथा उपचार हुआ। सीएमओ ने उपचार के साथ किया निरीक्षण सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने दखिनवारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित मेले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान एक प्रसूता का प्रसव कराया गया तथा 24 मरीजों का उपचार हुआ। आठ मरीजों की खून जांच की गई। भटगवां तथा सैठा पीएचसी का भी निरीक्षण किया गया। भटगवां में 73 मरीज देखे गए तथा आठ जांचें हुईं। सैठा में 26 मरीजों का उपचार हुआ और छह जांचें की गईं। सभी स्थानों पर स्टाफ मौजूद मिला।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Dec 07, 2025, 16:18 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: डॉक्टर साहब… एक सप्ताह से बंद नहीं हो रही खांसी, मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में उपचार कराने पहुंचे मरीज #SubahSamachar