Video: चिंतपूर्णी पुलिस का ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान जारी
विश्व प्रसिद्ध शक्तिपीठ श्री माता चिंतपूर्णी मंदिर में इन दिनों बड़ी संख्या में श्रद्धालु माता रानी के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालु दोपहिया वाहनों, निजी कारों, टैक्सियों तथा पर्यटक बसों के माध्यम से मंदिर पहुंच रहे हैं। बढ़ती भीड़ के बीच कई बाहरी श्रद्धालु अनजाने में या लापरवाही के कारण ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करते हुए पाए जा रहे हैं, जिससे सड़क सुरक्षा प्रभावित होने की आशंका बनी रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए चिंतपूर्णी पुलिस की ओर से ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम द्वारा बिना हेलमेट वाहन चलाने, सीट बेल्ट का प्रयोग न करने, गलत दिशा में वाहन चलाने तथा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के चालान किए जा रहे हैं और उन्हें नियमों का पालन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है। थाना प्रभारी जयराम शर्मा ने बताया कि माता चिंतपूर्णी के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों और जिलों से आने वाले श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने सभी वाहन चालकों से अपील की कि वे यातायात नियमों का पालन करें, निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें तथा पुलिस प्रशासन का सहयोग करें, ताकि सभी श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में माता रानी के दर्शन कर सकें। चिंतपूर्णी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Jun 11, 2026, 12:58 IST
Video: चिंतपूर्णी पुलिस का ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर शिकंजा, श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान जारी #SubahSamachar
