VIDEO: भैंसा बुड़ना में पिंजरे में कैद हुआ एक और तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस

बिछिया (बहराइच)। कतर्नियाघाट वन्य जीव क्षेत्र में तेंदुए की दहशत थमने का नाम नहीं ले रही। बुधवार शाम चहलवा गांव में तेंदुआ पकड़े जाने के बाद अब भैंसा बुड़ना गांव में भी बृहस्पतिवार सुबह एक और तेंदुआ पिंजरे में कैद हो गया। लगातार दो तेंदुए पकड़े जाने से ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। जानकारी के अनुसार भैंसा बुड़ना गांव में पिछले कई दिनों से तेंदुए की चहलकदमी से ग्रामीण दहशत में थे। मवेशियों पर हमले की घटनाओं के बाद वन विभाग ने तीन दिन पहले गांव में पिंजरा लगाया था। रेंजर सुजौली नीरज श्रीवास्तव के नेतृत्व में लगाए गए पिंजरे में आज सुबह करीब 3 बजे तेंदुआ कैद हो गया। बताया गया कि पिंजरे में बकरी को चारे के रूप में बांधा गया था, जिसके लालच में तेंदुआ पिंजरे के अंदर आ गया और गेट बंद हो गया। सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने तेंदुए को पिंजरे में कैद देखा तो वन विभाग को सूचना दी। सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पिंजरे को कब्जे में लिया। वन अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए तेंदुए का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा, जिसके बाद उच्च अधिकारियों के निर्देश पर उसे सुरक्षित जंगल में छोड़ने या अन्य निर्णय लिया जाएगा। लगातार तेंदुए पकड़े जाने से वन विभाग की सक्रियता की ग्रामीणों ने सराहना की है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 17, 2026, 09:00 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: भैंसा बुड़ना में पिंजरे में कैद हुआ एक और तेंदुआ, ग्रामीणों ने ली राहत की सांस #SubahSamachar