VIDEO: बिहार के कृषि मंत्री ने किए रामलला के दर्शन, राम मंदिर के ध्वजारोहण को बताया भारतीय संस्कृति का स्वर्णिम अध्याय

बिहार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव बुधवार को परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में अधिकारियों की ओर से उनका स्वागत किया गया। स्वागत समारोह के बाद वह सीधे राम मंदिर पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। उन्होंने कहा कि बिहार विधानसभा चुनाव के बाद भगवान श्रीराम के चरणों में उपस्थित होना उनके लिए अत्यंत सौभाग्य की बात है और यह अवसर उनके जीवन का प्रेरणादायी क्षण है। मीडिया से बातचीत में यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें कृषि विभाग जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। उन्होंने कहा कि वह भगवान राम से प्रार्थना करते हैं कि बिहार के किसानों की आमदनी बढ़े, राज्य कृषि उत्पादन में आत्मनिर्भर बने और नई तकनीक व योजनाओं से किसानों का जीवन समृद्ध हो। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से राम मंदिर के शिखर पर किए गए ध्वजारोहण को ऐतिहासिक और भारतीय संस्कृति के स्वर्णिम अध्याय के रूप में वर्णित किया। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश में चल रही विकास परियोजनाओं ने प्रदेश की दिशा बदल दी है। पीएम मोदी और सीएम योगी की नेतृत्व क्षमता को देखते हुए उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में भाजपा एक बार फिर मजबूत स्थिति में दिखाई देगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 26, 2025, 17:14 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: बिहार के कृषि मंत्री ने किए रामलला के दर्शन, राम मंदिर के ध्वजारोहण को बताया भारतीय संस्कृति का स्वर्णिम अध्याय #SubahSamachar