Video : अयोध्या में काशी तमिल संगमम के भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी
रामनगरी में चार दिसंबर से 17 दिसंबर तक काशी तमिल संगमम का आयोजन होने जा रहा है। इस अवसर पर तमिलनाडु से आने वाले विशिष्ट अतिथियों के भव्य स्वागत और राम मंदिर में दर्शन पूजन के साथ अयोध्या भ्रमण के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने श्रीराम ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया और वहां मौजूद अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम को हर हाल में सुचारु और भव्य तरीके से सम्पन्न कराया जाए। अतिथियों के आगमन की तिथि 4, 6, 8, 10, 12, 14 और 16 दिसंबर निर्धारित की गई हैं। हर दिन अलग-अलग समूहों का अयोध्या आगमन प्रस्तावित है, जिनके स्वागत के लिए मजिस्ट्रेट, पुलिस और संबंधित विभागों के अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रशासन का उद्देश्य है कि अतिथियों को सुरक्षित, सुविधापूर्ण और सांस्कृतिक अनुभव से परिपूर्ण यात्रा प्रदान की जाए।मेहमानों को अयोध्या के प्रमुख मंदिरों श्रीराम जन्मभूमि, हनुमानगढ़ी, कनक भवन और अन्य महत्वपूर्ण स्थलों पर दर्शन-पूजन कराया जाएगा। इसके साथ ही श्रीराम ऑडिटोरियम में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित होंगे, जिसमें अयोध्या की परंपरा, संगीत, आधुनिकता और आध्यात्मिकता का प्रदर्शन किया जाएगा। डीएम निखिल टीकाराम फुंडे ने कहा कि अतिथियों का स्वागत इस तरह किया जाएगा कि वे अयोध्या की सांस्कृतिक भव्यता और आतिथ्य को जीवनभर याद रखें। यह आयोजन काशी तमिल संगमम की एक ऐतिहासिक कड़ी साबित होगा, इसकी शुरूआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी से कर चुके हैं।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 03, 2025, 16:48 IST
Video : अयोध्या में काशी तमिल संगमम के भव्य आयोजन की तैयारियां पूरी #SubahSamachar
