VIDEO: अमेठी के व्यवसायी को अगवा कर पीटा, पैसे भी छीने, पुलिस ने मामला दर्ज किया

सुल्तानपुर। कोतवाली नगर के सुल्तानपुर-लखनऊ हाइवे स्थित अमहट चौराहे पर बुधवार रात व्यवसायी को बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा गया। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। चार-पांच लोग वीडियो में एक व्यक्ति को पीटते हुए दिखाई दे रहे हैं। पीड़ित ने इस संदर्भ में कोतवाली नगर में शिकायत दर्ज कराया है, जिसमें आरोपियों ने उससे 7,450 रुपये भी छीन लिए हैं इसका भी उल्लेख है। पुलिस ने मुकदमा पंजीकृत करते हुए आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दिया है। अमेठी जिले के मुसाफिरखाना कोतवाली अंतर्गत वार्ड नंबर 4 के रहने वाले शशांक कौशल ने पुलिस को बताया कि वह सराफा के काम से सुबह करीब 11:45 बजे सुल्तानपुर आए थे। शाम लगभग 7:20 बजे काम खत्म करने के बाद वह कोतवाली नगर के गभड़िया पुल के पास बस का इंतजार कर रहे थे। तभी मो. साहिल अपने दोस्त कल्लू के साथ वहां आया। उन्होंने शशांक से पूछा कि उन्हें कहां जाना है। शशांक ने मुसाफिरखाना जाने की बात कही तो आरोपियों ने उन्हें अमहट तक छोड़ने का झांसा दिया और अपनी गाड़ी में बैठा लिया। रास्ते में आरोपी उनसे उलटी-सीधी बातें करने लगे। आरोप है कि अमहट पहुंचने के बाद साहिल और कल्लू ने 2-3 और लोगों को बुला लिया। इसके बाद उन्होंने शशांक के साथ मारपीट की। उन्हें बेल्ट और लात-घूंसों से पीटा गया। मारपीट के दौरान आरोपियों ने शशांक से 7,450 रुपये भी छीन लिए। शशांक के मुताबिक, मारपीट का वीडियो उनके पास मौजूद है। वहीं वीडियो सोशल मीडिया पर भी सामने आया है। पुलिस ने शशांक कौशल की शिकायत के आधार पर मो. साहिल, कल्लू और 2-3 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच की जा रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Sep 17, 2026, 09:02 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: अमेठी के व्यवसायी को अगवा कर पीटा, पैसे भी छीने, पुलिस ने मामला दर्ज किया #SubahSamachar