VIDEO: यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन के साथ ही पोर्टल पर दर्ज करने होंगे अंक

यूपी बोर्ड की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन 18 मार्च से जिले के दो केंद्रों पर होगा। इससे पहले मंगलवार को मूल्यांकन कार्य में लगे डिप्टी हेड और परीक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। मूल्यांकन के संबंध में बोर्ड से जारी निर्देशों से अवगत कराते हुए पारदर्शिता के साथ कार्य करने की हिदायत दी गई। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज रॉबर्ट्सगंज में हाईस्कूल और राजा शारदा महेश इंटर कॉलेज में इंटर की कॉपियां जांची जाएंगी। मंगलवार को दोनों केंद्रों पर हुए अलग-अलग प्रशिक्षण में डीआईओएस जयराम सिंह ने बताया कि इस बार मूल्यांकन के साथ ही ऑनलाइन पोर्टल पर नंबर किए जाएंगे। सिर्फ वही शिक्षक परीक्षक का कार्य करेंगे, जिन्हें बोर्ड ने नियुक्त किया है। अलग से किसी की ड्यूटी नहीं लगाई जाएगी। उन्होंने उत्तर पुस्तिकाओं में मिलने वाले किसी भी तरह की सामग्री के बारे में तत्काल डिप्टी हेड और मुख्य नियंत्रक को जानकारी देने के निर्देश दिए। कहा कि जल्दबाजी में कॉपियां न जांचें। यह विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा मामला है। पूरी सतर्कता और सजगता से दायित्व निभाएं। उन्होंने डिप्टी हेड को भी निर्देशित किया कि जांची हुई कॉपियों की अपने स्तर से दोबारा जांच अवश्य करें, ताकि किसी तरह के गड़बड़ी की गुंजाइश न रहे। उन्होंने सभी डिप्टी हेड और परीक्षकों को समय से मूल्यांकन केंद्र पर उपस्थित होकर कार्य सुचारू ढंग से करने को कहा। इस मौके पर प्रधानाचार्य डॉ. बृजेश सिंह, चंदा यादव, वंदना सिंह आदि मौजूद रहीं।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 18, 2026, 13:45 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


VIDEO: यूपी बोर्ड की कॉपियों के मूल्यांकन के साथ ही पोर्टल पर दर्ज करने होंगे अंक #SubahSamachar