वर्षों से अंडरपास निर्माण अधर में, भैसउर के ग्रामीण रोज जान जोखिम में कर रहे रेलवे लाइन पार; VIDEO

धीना थाना क्षेत्र के भैसउर गांव में प्रस्तावित रेलवे अंडरपास का निर्माण वर्षों से कागजों में ही अटका हुआ है। कार्य शुरू न होने के कारण ग्रामीणों को आज भी खुले रेलवे ट्रैक को पार कर दैनिक आवागमन करना पड़ रहा है, जिससे हर पल हादसे का जोखिम बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि उनकी इस मांग को लेकर काफी समय से प्रयास जारी हैं। स्थानीय प्रतिनिधियों की पहल पर तत्कालीन सांसद डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय द्वारा अंडरपास की स्वीकृति भी मिल गई थी, लेकिन आज तक न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ और न कोई विभागीय पहल दिखाई दी है। गांव के गोपाल शुक्ला, मुसाफिर उपाध्याय, संजय राज, टुनटुन राय, अनिल राय सहित ग्रामीणों ने बताया कि भैसउर से धीना और कमालपुर बाजार तक पहुंचने का यह मुख्य मार्ग है। उत्तर दिशा में सड़क न होने के कारण ग्रामीण हर दिन रेलवे ट्रैक पार करने को मजबूर हैं। कई बार अचानक ट्रेन आ जाने से लोग बाल-बाल बचते हैं। इसके बावजूद रेलवे विभाग की चुप्पी से लोगों में आक्रोश है। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि रोजमर्रा की जरूरतों के लिए बाजार का सफर एक जोखिम भरा काम बन गया है। उन्होंने अंडरपास निर्माण तत्काल शुरू कराने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़ी दुर्घटना को टाला जा सके।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Nov 25, 2025, 13:55 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


वर्षों से अंडरपास निर्माण अधर में, भैसउर के ग्रामीण रोज जान जोखिम में कर रहे रेलवे लाइन पार; VIDEO #SubahSamachar