Una: आरएसएस शताब्दी वर्ष पर अम्बेहड़ा में भव्य हिंदू सम्मेलन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
जिला ऊना की उपतहसील जोल के अंतर्गत ग्राम पंचायत अमवेहड़ा धीरज के गांव अट्या के गुरुकुलम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में एक भव्य एवं विराट हिंदू महा सम्मेलन का आयोजन किया गया। यह सम्मेलन चौकीमन्यार खंड के अमवेहड़ा मंडल की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्र के तलमेहड़ा डीहर, कठोह गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में पूज्य श्री उमेशानंद जी महाराज धार्मिक स्थल जोगी पंगा धाम व कार्यक्रम के अध्यक्ष कर्नल तरसेम राणा विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायी प्रवचनों के माध्यम से धर्म, संस्कार, सामाजिक एकता एवं राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि एक सशक्त राष्ट्र के निर्माण के लिए समाज में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और देशभक्ति की भावना का होना अत्यंत आवश्यक है। उनके विचारों को उपस्थित श्रद्धालुओं ने भावविभोर होकर सुना। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता के रूप में गुरुकुलम के आचार्य शिव कुमार शास्त्री उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विचार दर्शन को स्पष्ट करते हुए “पांच परिवर्तन” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि समाज और राष्ट्र के सर्वांगीण विकास के लिए समरसता, कुटुंब प्रबोधन, स्वयं का बोध, पर्यावरण संरक्षण तथा नागरिक कर्तव्यों का पालन अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने उपस्थित जनसमूह से इन मूल्यों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की शुरुआत राष्ट्रीय गीत के साथ की गई, जबकि समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर भजन गायक मनोज कुमार ने श्रीराम एवं हनुमान जी के भजनों की सुमधुर प्रस्तुति दी, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु भजनों पर झूमते हुए धार्मिक भावनाओं में लीन नजर आए। सम्मेलन के सफल आयोजन से क्षेत्र में सामाजिक एकता, सांस्कृतिक चेतना और राष्ट्रप्रेम की भावना को नई ऊर्जा मिली।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 08, 2026, 10:03 IST
Una: आरएसएस शताब्दी वर्ष पर अम्बेहड़ा में भव्य हिंदू सम्मेलन उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब #SubahSamachar
