लुधियाना में एटीएम तोड़ने वाले गिरोह के दो सरगना काबू, पांच बड़ी वारदात सुलझीं

पंजाब के विभिन्न जिलों में एटीएम को गैस कटर से निशाना बनाने वाले एक गिरोह के दो सदस्यों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान जसमिंदर सिंह उर्फ जस्स और दीपक कुमार उर्फ दीपू बिहारी के रूप में हुई है। इस गिरफ्तारी से जालंधर, लुधियाना और कपूरथला की पांच बड़ी डकैतियों के मामले सुलझ गए हैं। पुलिस कमिश्नर स्वप्न शर्मा ने बताया कि 19-20 मई की रात गिरोह ने शिवपुरी चौक पर एक एटीएम काटने का प्रयास किया था। तिजोरी काटते समय शॉर्ट-सर्किट से मशीन में आग लग गई। भागते समय आरोपियों ने गश्त पर तैनात पुलिस टीम पर सीधी फायरिंग की। इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बचे। थाना बस्ती जोधेवाल में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज हुआ। पुलिस ने एडिशनल सीपी रूपिंदर सिंह, डीसीपी हरपाल सिंह और एडीसीपी अमनदीप सिंह बराड़ के नेतृत्व में विशेष टीमें बनाईं। हाईटेक सर्विलांस से 25 मई 2026 को जसमिंदर सिंह उर्फ जस्स को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद की। जस्स से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने 2 जून को अमृतसर में दबिश दी, वहां से मुख्य शूटर दीपक कुमार उर्फ दीपू बिहारी को गिरफ्तार किया गया। दीपू बिहारी इस गिरोह का मुख्य सरगना और शातिर अपराधी है। उस पर 2007 से 2022 के बीच 21 संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके पास से पिस्टल, कारतूस और एटीएम लूटने का पूरा टूलकिट बरामद किया। पूछताछ में आरोपियों ने पंजाब के कई हिस्सों में एटीएम उड़ाने की बात कबूल की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता के तहत दर्ज 5 बड़े मामलों को ट्रेस किया है। इनमें मई 2025 में जालंधर कैंट की एटीएम चोरी और जुलाई 2025 में रामा मंडी जालंधर की वारदात शामिल है। दिसंबर 2025 में सदर फगवाड़ा और बस्ती जोधेवाल लुधियाना की चोरियां भी सामने आईं। मई 2026 में बस्ती जोधेवाल में हुई ताजा वारदात भी इसमें शामिल है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Jun 03, 2026, 07:21 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


लुधियाना में एटीएम तोड़ने वाले गिरोह के दो सरगना काबू, पांच बड़ी वारदात सुलझीं #SubahSamachar