जींद: सीआरएसयू में दो दिवसीय पुस्तक मेले का हुआ समापन

चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय आयोजित दो दिवसीय पुस्तक मेले के दूसरे दिन समापन हुआ। विश्वविद्यालय परिसर में सजे इस ज्ञानोत्सव में न केवल जींद बल्कि आसपास के क्षेत्रों के शिक्षाविदों ने भी शिरकत की। मेले के दूसरे दिन का माहौल पूरी तरह शैक्षणिक ऊर्जा से लबरेज रहा, जहां विद्यार्थियों से लेकर गैर-शिक्षण कर्मचारियों तक ने पुस्तकों की दुनिया में अपनी रुचि दिखाई। इस पुस्तक मेले देश-विदेश के 65 प्रतिष्ठित प्रकाशकों ने हिस्सा लिया। स्टॉलों पर प्रतियोगी परीक्षाओं, शोध, साहित्य, व्यक्तित्व विकास, प्रबंधन, योग, आयुर्वेद और भारतीय संस्कृति से जुड़ी हजारों पुस्तकों का संग्रह उपलब्ध था। सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. अनिल ने कहा कि डिजिटल क्रांति के बावजूद भौतिक पुस्तकों का महत्व कम नहीं हुआ है। यह मेला केवल खरीद-फरोख्त का जरिया नहीं, बल्कि संवाद और विचारों के आदान-प्रदान का मंच है। वहीं, शारीरिक शिक्षा विभाग के डॉ. नवीन लाडवाल ने खेल विज्ञान और फिटनेस संबंधी पुस्तकों की उपलब्धता को खिलाड़ियों के लिए वरदान बताया। शिक्षा विभाग की डॉ. रितु और समाजशास्त्र विभाग की डॉ. पूनम ने कहा कि समाज और शिक्षण विधियों को समझने के लिए नवीन शोधपरक पुस्तकों का अध्ययन अनिवार्य है। संगीत विभाग की डॉ. कविता व डॉ. कृष्ण ने कहा कि संगीत और दर्शन की पुस्तकों ने विद्यार्थियों में रचनात्मकता का संचार किया है। प्रबंधन विभाग की डॉ. सुधा यादव ने नेतृत्व और उद्यमिता पर आधारित साहित्य को भविष्य के प्रबंधकों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक बताया।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 11, 2026, 18:48 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


जींद: सीआरएसयू में दो दिवसीय पुस्तक मेले का हुआ समापन #SubahSamachar