गुरुग्राम में बहन के साथ प्रेम-प्रसंग होने पर दोस्त की हत्या करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार
गुरुग्राम में बहन के साथ प्रेम-प्रसंग करने पर दोस्त की हत्या करने के मामले में शामिल दो और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। मुख्य आरोपी जिशान को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार हुए आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला औरैया के तुर्कीपुर गांव निवासी अतुल और जिला मैनपुरी के मीरापुर गांव निवासी दिव्यम के रूप में हुई है। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के जिला अमरोहा के चुचेला कलां गांव निवासी सुहेब के रूप में हुई थी। राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने मृतक के पिता की शिकायत पर मामला दर्ज किया था। सोमवार को पुलिस ने मृतक के शव को प्रकाश पुरी मंदिर के पास नाले से बरामद किया था। पिता ने पुलिस को बताया था कि उनके बेटा सुहेब 23 जनवरी को गांव से जिशान के पास काम की तलाश में आया था। दो दिन से ही उनकी बेटे से बात नहीं हुई थी। मुख्य आरोपी बहन के साथ प्रेम-प्रसंग की रंजिश में सुहेब को पहले शराब पिलाई और बाद में इलेक्ट्रिक वायर से गला दबाकर हत्या कर दी थी। अपने साथियों के साथ मिलकर शव को नाले में फेंक दिया था। पुलिस प्रवक्ता संदीप ने बताया कि मंगलवार को पुलिस ने इस मामले में जय विहार से अतुल और दिव्यम को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उनके किराए के घर के पास ही जिशान भी रहता है। पड़ोसी होने पर उनकी दोस्ती हाे गई थी। आरोपी जिशान के कहने पर उन्होंने मृतक सुहेब के शव को कंबल में लपेट कर नाले में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपियों के पास से इलेक्ट्रिक वायर और कंबल बरामद कर लिया है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 04, 2026, 20:47 IST
गुरुग्राम में बहन के साथ प्रेम-प्रसंग होने पर दोस्त की हत्या करने के मामले में दो आरोपी गिरफ्तार #SubahSamachar
