खाद्य निरीक्षक पर उगाही के आरोप प्रकरण में कार्रवाई में देरी से व्यापारियों में आक्रोश
महाराजपुर थानाक्षेत्र के सरसौल कस्बे में खाद्य निरीक्षक पर जबरिया उगाही के आरोप में तहरीर देने के तीन दिन बाद भी कार्रवाई न होने से व्यापारी वर्ग में भारी नाराजगी है। सरसौल के आयुष जनरल स्टोर संचालक राजेश गुप्ता ने बताया कि उनसे खाद्य निरीक्षक अनिल पाल ने सैंपल न भरने के एवज में बीस हजार की मांग की थी। जिसमें उनके साथ रहने वाले अंशुल नाम के व्यक्ति को छ हजार नगद तथा चार हजार रुपए ऑनलाइन फोन पे के माध्यम से दिए गए थे। जिसमें फुटेज और भुगतान स्क्रीनशॉट सहित शिकायत दर्ज कराई थी लेकिन अब तक पूछताछ तक थाना स्तर से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष महेश वर्मा एवं क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद विश्वकर्मा और बड़ी संख्या में व्यापारी थाने पहुंचे उन्होंने ज्ञापन देकर चेतावनी दी कि यदि तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई नहीं होती तो संगठन आंदोलन करेगा, थाना परिसर में ही धरना प्रदर्शन करेगा। व्यापारियों का कहना है कि प्रशासन का मौन गलत परंपरा को बढ़ावा देता है और भय का माहौल कायम करता है। वहीं प्रकरण में एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय ने बताया कि प्रकरण की थानाध्यक्ष महाराजपुर जांच कर रहे थे। नियमानुसार सरकारी विभागों के मामलो में विभागीय जांच के बाद रिपोर्ट आती है उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाती है। व्यापारी प्रकरण में विभागीय रिपोर्ट मिलने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे उस आधार पर कार्रवाई होगी।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Dec 08, 2025, 20:27 IST
खाद्य निरीक्षक पर उगाही के आरोप प्रकरण में कार्रवाई में देरी से व्यापारियों में आक्रोश #SubahSamachar
