दिल्ली: रोहिणी में चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामद

रोहिणी के विजय विहार थाना पुलिस ने चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान विजय विहार निवासी किशन, विक्की और आकाश के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है। रोहिणी जिला के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजीव रंजन ने बताया कि 4 मार्च की शाम 6 बजे विजय विहार थाना पुलिस को लूटपाट की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को शिकायतकर्ता विजय विहार फेज दो निवासी रुद्र मंडल मिला। जिसने बताया कि वह पेशे से ट्रैक्टर चालक हैं। शाम करीब 5.20 बजे वह अपने साथी मिथुन कुमार के साथ बुध विहार जा रहे थे। वॉशिंग सेंटर के पास तीन अनजान लड़कों ने उन्हें रोक लिया। तीनों में से एक आरोपी ने चाकू दिखाया, दूसरे ने उसे पीछे से पकड़ लिया और तीसरे ने दोनों पीड़ितों के मोबाइल फोन लूट लिए और नकदी लूटकर बुध विहार की तरफ भाग गए। पुलिस ने दोनों का मेडिकल करवाया। पुलिस ने उनके बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर लूटपाट का मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने एक टीम बनाकर बदमाशों की पहचान करने में जुट गई। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे और तकनीकी सर्विलांस के जरिए तीन आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से लूटे गए दोनों मोबाइल फोन और चाकू बरामद कर लिया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि किशन विजय विहार का घोषित बदमाश है और उसपर झपटमारी और चोरी के 15 मामले दर्ज हैं। पुलिस बदमाशों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Mar 05, 2026, 17:46 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


दिल्ली: रोहिणी में चाकू की नोक पर लूटपाट करने वाले तीन बदमाश गिरफ्तार, दो मोबाइल बरामद #SubahSamachar