एक घंटे का ब्लॉक लेकर एचबीम स्लीपर लगाने की हुई टेस्टिंग
पुराने रेल गंगा पुल के डाउन रेल पथ पर जनवरी में पुराने स्लीपर हटाकर एचबीम टाइप स्लीपर डाले जाने का काम प्रस्तावित है। इसको लेकर बुधवार की शाम रेलवे विभाग ने एक घंटे का ब्लॉक लेकर एक एचबीम स्लीपर पर रखने का ट्रायल करते हुए टेस्टिंग का कार्य किया। इसकी कुछ दिनों तक मॉनिटरिंग करने के बाद रिपोर्ट डीआरएम मंडल कार्यालय लखनऊ भेजी जाएगी। जनवरी में रेल गंगा पुल के डाउन रेल पथ पर उसी तरह से नए एचबीम टाइप स्लीपर लगाए जाने हैं, जिस तरह से अप रेल लाइन पर लगाए जा चुके है। इसके लिए मेगा ब्लॉक लेकर कार्य होना है। इसकी तैयारी के चलते बुधवार को रेलवे की ओर से शाम 3:20 से 4:20 बजे तक एक घंटे का ब्लॉक लेकर गंगा घाट रेलवे स्टेशन के पास रेल गंगा पुल के पुलिया संख्या 110 के पास पुराना स्लीपर हटाकर नया एचबीम टाइप स्लीपर लगाकर ट्रायल कर टेस्टिंंग कार्य किया गया। एसएसई (ब्रिज) अजय यादव, एनएस मीणा व एसएसई (रेल पथ) महेश मीणा के निर्देशन में यह कार्य कराया गया। उन्होंने बताया कि एक स्लीपर लगाकर देखा जा रहा है। कुछ दिनों तक मॉनिटरिंग कर इसकी रिपोर्ट लखनऊ मंडल कार्यालय भेजी जाएगी, ताकि जनवरी में काम शुरू होने के दौरान किसी प्रकार की कोई समस्या न आए।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Nov 12, 2025, 20:48 IST
एक घंटे का ब्लॉक लेकर एचबीम स्लीपर लगाने की हुई टेस्टिंग #SubahSamachar
