हिसार में कैंसर जागरूकता को लेकर जीजेयू के विद्यार्थियों ने निकाला मार्च
गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय (जीजेयू) में विद्यार्थियों के कल्याण और स्वस्थ शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इंडियन नेशनल स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन (इनसो) की ओर से कैंसर जागरूकता व तंबाकू-मुक्त परिसर हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। “जीजेयू तंबाकू-मुक्त परिसर” अभियान के तहत पैदल मार्च निकाला गया। जिसमें जीजेयू कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने हरी झंडी दिखाई। इनसो इनसो के अध्यक्ष नितेश जांगू ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के लिए सामूहिक संकल्प लेना है। अभियान के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी और विद्यार्थी तंबाकू-मुक्त परिसर के समर्थन में हस्ताक्षर कर तंबाकू का प्रयोग न करने की शपथ ली। इनसो के अध्यक्ष नितेश जांगू ने कहा कि तंबाकू का सेवन युवाओं के स्वास्थ्य के लिए एक गंभीर खतरा बनता जा रहा है। शैक्षणिक संस्थानों में तंबाकू-मुक्त वातावरण न केवल विद्यार्थियों के शारीरिक स्वास्थ्य के लिए आवश्यक है, बल्कि उनके मानसिक और सामाजिक विकास के लिए भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। आयोजकों ने विश्वविद्यालय प्रशासन, प्राध्यापकों व वरिष्ठ अधिकारियों से अभियान में सहभागिता कर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन करने की अपील की है। अभियान के दौरान जागरूकता संदेशों, सूचना सामग्री और संवाद के माध्यम से तंबाकू से होने वाले कैंसर व अन्य गंभीर बीमारियों की जानकारी भी दी जाएगी। इनसो ने विश्वविद्यालय परिवार से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस जनहित अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 06, 2026, 14:45 IST
हिसार में कैंसर जागरूकता को लेकर जीजेयू के विद्यार्थियों ने निकाला मार्च #SubahSamachar
