फरीदकोट में 500 नशीली गोलियों समेत तस्कर गिरफ्तार

फरीदकोट जिला पुलिस ने 500 नशीली गोलियों समेत एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गुरादित्ता सिंह उर्फ गोरा पुत्र लाल सिंह निवासी जिला बठिंडा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी की मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है। पुलिस के अनुसार, एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस के दिशा निर्देश पर सीआईए स्टाफ जैतो के इंचार्ज एएसआई दर्शन सिंह के नेतृत्व में पुलिस पार्टी गश्त पर थी। पुलिस टीम गांव सेवेवाला, दबड़ीखाना, वाड़ा भाईका से होते हुए लिंक रोड गांव घनिया की ओर जा रही थी। इसी दौरान एक मोड़ पर पीपल के पेड़ के नीचे मोटरसाइकिल के पास एक युवक संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया। पुलिस की गाड़ी को देखकर वह बाइक स्टार्ट कर वहां से निकलने का प्रयास करने लगा। शक होने पर पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 50 पत्ते नशीली गोलियां बरामद हुईं, जिनकी कुल संख्या 500 थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना बाजाखाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। इस मामले में डीएसपी जैतो इकबाल सिंह संधू ने बताया कि आरोपी पर पहले भी दो मामले दर्ज है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल करने की कार्रवाई की जा रही है। पूछताछ के दौरान गोलियों की सप्लाई से जुड़े बैकवर्ड और फॉरवर्ड लिंक का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Aug 12, 2026, 19:35 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


फरीदकोट में 500 नशीली गोलियों समेत तस्कर गिरफ्तार #SubahSamachar