स्मार्ट सिस्टम की तस्वीर.. गर्मी में अमोघपुर में सड़क नहीं, गंदे पानी का रास्ता; VIDEO

नगर और रेलवे स्टेशन से सटा घनी आबादी वाले अमोघपुर गांव के लोग सड़कों पर जलभराव से बेहाल है। हालत यह है कि बरसात तो दूर, भीषण गर्मी में भी गांव के मुख्य मार्ग पर घुटने भर पानी लगा हुआ है। ग्रामीण सड़क पर बह रहे नाबदान के गंदे पानी के बीच होकर आवागमन करने को विवश हैं। नियामताबाद विकासखंड का अमोघपुर गांव पीडीडीयू नगर रेलवे स्टेशन और चकिया रोड के किनारे बसा है। यहां एक दशक से ग्रामीणों के घरों के नाबदान और बरसात के पानी की निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई है। बरसात में तो पूरा गांव जलमग्न हो जाता है। नाबदान का दूषित पानी घरों में घुस जाता है। इस बार भीषण गर्मी में भी हालात बदतर हैं। जहां लोग बूंद-बूंद पानी को तरस रहे हैं, वहीं अमोघपुर में नाबदान का पानी मुख्य मार्ग पर जमा है। मुख्य मार्ग जलमग्न होने से ग्रामीणों को आवागमन में भारी दिक्कत हो रही है। पानी से होकर गुजरते समय लोग आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि शिकायत के बाद भी आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। इस संबंध में खंड विकास अधिकारी शाद अहमद ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी को मौके पर भेजा गया है। जांच के बाद पानी निकासी की व्यवस्था की जाएगी।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: May 28, 2026, 11:04 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


स्मार्ट सिस्टम की तस्वीर.. गर्मी में अमोघपुर में सड़क नहीं, गंदे पानी का रास्ता; VIDEO #SubahSamachar