सिरमौर: सतौन में युवा कांग्रेस ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला
युवा कांग्रेस सिरमौर ने सोमवार को सतौन में प्रधानमंत्री का पुतला फूंका और केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एआई समिट में प्रदर्शन के बाद युकां कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार करने के विरोध में यह सांकेतिक प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए शिलाई विधानसभा युवा कांग्रेस के अध्यक्ष विपुल शर्मा ने कहा केंद्र सरकार संपूर्ण देश में युवाओं की आवाज को दबाने का कार्य कर रही है। इस देश के युवाओं को अपने हक मांगने और अपनी बात रखने का अधिकार छीना जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से युवा कांग्रेस के साथियों को सिर्फ इस बात के लिए गिरफ्तार किया गया क्योंकि वह प्रधानमंत्री की नाकामियों को विश्वपटल पर रखने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अमेरिका के साथ रातों रात ट्रेड डील करना और डोनाल्ड ट्रंप के दबाव में काम करके नरेंद्र मोदी ने देश को विश्व पटल पर बदनाम किया है जो एक शर्मनाक विषय है। इस अवसर पर जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष अरुण ठाकुर, कमरऊ ब्लॉक अध्यक्ष अजय ठाकुर, शिलाई ब्लॉक अध्यक्ष कपिल चवलटा, जगपाल चौहान, नेतर शर्मा, राम भगत, टिका राम, हाटी इंद्र राणा, कपिल शर्मा, अनिल चौहान, विनोद कुमार सहित युवा कांग्रेस के दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Feb 23, 2026, 17:10 IST
सिरमौर: सतौन में युवा कांग्रेस ने फूंका प्रधानमंत्री का पुतला #SubahSamachar
