सिरमौर: मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में डॉ. अनुपमा अरोड़ा ने जीते दो स्वर्ण पदक

डॉ. वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल नाहन की डॉ. अनुपमा अरोड़ा नेमास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप के 35 प्लस आयु वर्ग में एकल और युगल दोनों श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीतकर सिरमौर जिले का नाम रोशन किया है। यह उपलब्धि उन्होंने कुल्लू में चल रही एचपी स्टेट मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता में हासिल की। प्रतियोगिता का आयोजन कुल्लू जिला बैडमिंटन एसोसिएशन की ओर से किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश भर से आए खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़े मुकाबलों के बीच डॉ. अनुपमा अरोड़ा ने एकल वर्ग में दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं युगल वर्ग में उन्होंने पांवटा साहिब के विक्रांत के साथ बेहतरीन तालमेल दिखाते हुए गोल्ड मेडल जीता। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उनका चयन गोवा में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय मास्टर्स बैडमिंटन प्रतियोगिता के लिए भी हुआ है। इससे पहले भी डॉ. अरोड़ा विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुकी हैं, लेकिन इस बार दोहरी सफलता ने उनकी उपलब्धि को और खास बना दिया है। गौरतलब है कि डॉ. अनुपमा अरोड़ा वर्तमान में मेडिकल कॉलेज नाहन के मनोरोग विभाग में मेडिकल विशेषज्ञ के पद पर सेवाएं दे रही हैं। व्यस्त चिकित्सकीय दिनचर्या के बीच खेल के प्रति उनकी प्रतिबद्धता युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनकी इस उपलब्धि पर मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉ. संगीत ढिल्लों सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने उन्हें बधाई दी। प्रधानाचार्य ने कहा कि यह सिरमौर जिला और मेडिकल कॉलेज दोनों के लिए गर्व का विषय है कि यहां कार्यरत चिकित्सक प्रदेश स्तर पर स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Feb 25, 2026, 16:03 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »

Read More:
Short videos Sirmour



सिरमौर: मास्टर्स बैडमिंटन चैंपियनशिप में डॉ. अनुपमा अरोड़ा ने जीते दो स्वर्ण पदक #ShortVideos #Sirmour #SubahSamachar