सुधार में पावर कट से परेशान दुकानदारों ने किसान यूनियन के साथ लगाया जाम
पीएसपीसीएल उप मंडल सुधार के अधीन पूरे इलाके में लग रहे पॉवरकट से परेशान दुकानदारों ने भारतीय किसान यूनियन दोआबा के साथ मिलकर लुधियाना बठिंडा राज मार्ग पर यातायात ठप कर दिया है। राजमार्ग पर स्थित पीएसपीसीएल उप मंडल सुधार दफ्तर के मुख्य द्वार को बंद करते हुए किसी के भी अंदर बाहर जाने पर रोक लगा दी गई। किसान यूनियन के जिला प्रधान जसप्रीत सिंह जस्सी ढट्ट की अगुवाई में धरना प्रदर्शन करने वालों ने पंजाब सरकार और बिजली बोर्ड के अधिकारीयों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। थाना सुधार के प्रभारी इंस्पेक्टर गुरदीप सिंह, जिला लुधियाना ग्रामीण पुलिस स्पेशल ब्रांच के इंस्पेक्टर अमरजीत सिंह गिल,इंस्पेक्टर किरनदीप कौर भारी पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और धरना खत्म करके यातायात बहाल करने को कहा, लेकिन प्रदर्शनकारी टस से मस नहीं हो रहे। एक्सईएन रवि चोपड़ा भी धरनाकारियों को शांत करने पहुंचे और उनकी मांगें सरकार और उच्च अधिकारियों तक पहुंचा समस्या के समाधान का भरोसा दिया। रवि चोपड़ा ने कहा कि सभी पॉवरकट पॉवर कंट्रोलर पटियाला की तरफ से लगाए जा रहे हैं जिस पर स्थानीय अधिकारियों का कोई भी कंट्रोल नहीं है। गर्मी बढ़ने से बिजली की मांग अचानक बढ़ गई जिसका किसी को अंदाजा नहीं था। भारतीय किसान यूनियन दोआबा के जिला प्रधान जसप्रीत सिंह जस्सी ढट्ट ने कहा कि उनके पास पिछले दो हफ़्तों से लग रहे पावरकट की शिकायतें आ रही हैं। जस्सी ढट्ट ने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो संघर्ष तेज किया जाएगा और राष्ट्रीय मार्ग पर भी यातायात ठप कर दिया जाएगा।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 20, 2026, 13:53 IST
सुधार में पावर कट से परेशान दुकानदारों ने किसान यूनियन के साथ लगाया जाम #SubahSamachar
