Shimla: चैंपियन ऑफ द चैंपियन राइफल गर्ल्स में गुंजन और ब्वॉयज में रक्षित ने पाया पहला स्थान

68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप के लिए इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला में रविवार को 10 मीटर एयर राइफल के चैंपियन ऑफ द चैंपियन मुकाबले आयोजित किए गए। यह मुकाबले प्रदेश भर के 12 प्रतिभागियों के बीच में आयोजित किया गया जिसमें छह खिलाड़ियों का चयन हुआ। इस दौरान चैंपियन ऑफ द चैंपियन पिस्टल गर्ल्स में इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला की गुंजन ने पहला, कटोच शूटिंग अकादमी पालमपुर की अपूर्वा ने दूसरा और इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला की ही दिव्यांशी कंवर ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं राइफल ब्वॉयज में कटोच शूटिंग अकादमी पालमपुर के रक्षित भारद्वाज ने पहला, इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर शिमला के यश ठाकुर ने दूसरा और कटोच शूटिंग अकादमी पालमपुर के अंगद चौहान ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। इस दौरान पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी को 5000 रूपये, 3000 रूपये और 2000 रुपये की नकद पुरस्कार राशि से सम्मानित किया गया। 68वीं राष्ट्रीय निशानेबाजी चैंपियनशिप का पिस्टल इवेंट 11 दिसंबर से 4 जनवरी तक दिल्ली में आयोजित किया जाएगा। भारतीय राष्ट्रीय राइफल संघ के तत्वावधान में आयोजित की जा रही इस चैंपियनशिप के लिए प्रदेश भर से 229 खिलाड़ियों का चयन हुआ है। इसमें शॉटगन इवेंट और राइफल इवेंट भी शामिल है। यह प्रतियोगिता खेल परिसर में 10 मीटर एयर राइफल के टीम और मिक्स्ड टीम के ट्रायल के दौरान आयोजित की गई। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन की ओर से चुने गए तकनिकी अधिकारी के रूप में खेल परिसर के कोच रविंद्र प्रकाश मुख्य रूप से मौजूद रहे।

  • Source: www.amarujala.com
  • Published: Dec 07, 2025, 16:29 IST
पूरी ख़बर पढ़ें »


Shimla: चैंपियन ऑफ द चैंपियन राइफल गर्ल्स में गुंजन और ब्वॉयज में रक्षित ने पाया पहला स्थान #SubahSamachar