श्री हरमंदिर साहिब के सेवादारों ने 20 लाख रुपये व पासपोर्ट से भरा बैग लौटाया
श्री हरमंदिर साहिब में तैनात शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सुरक्षा दल ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए एक प्रवासी भारतीय सिख परिवार का खोया हुआ कीमती बैग सुरक्षित लौटा दिया। इस बैग में इंग्लैंड की करेंसी (जिसकी कीमत भारतीय मुद्रा के अनुसार करीब 20 लाख रुपये है), एक भारतीय पासपोर्ट और दो अमेरिकी पासपोर्ट थे। एसजीपीसी प्रधान हरजिंदर सिंह धामी ने बताया कि सरदार सोढ़ी सिंह विदेश से माथा टेकने आए थे, अपनी फ्लाइट की जल्दबाजी में यह बैग कहीं रखकर भूल गए थे। शिकायत मिलते ही श्री हरमंदिर साहिब की पांच सदस्यीय सुरक्षा टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए बैग बरामद कर असली मालिक को सौंप दिया। इस सराहनीय कार्य के लिए प्रधान धामी ने पूरी टीम को विशेष रूप से सम्मानित भी किया। उन्होंने कहा कि इन कर्मचारियों ने संगत का विश्वास जीता है, जिससे उनकी जिम्मेदारी और बढ़ गई है। गर्मी के मौसम और संगत की भारी भीड़ को देखते हुए उन्होंने सेवादारों को निर्देश दिए कि छोटे बच्चों वाली माताओं, बुजुर्गों और दिव्यांगों के लिए अलग कतार की व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें लंबी लाइनों में परेशानी न हो। उन्होंने संगत से भी अपील की कि यदि परिवार बड़ा है तो बच्चों वाले सदस्य छोटी लाइन का उपयोग करें और बाकी सदस्य सामान्य व्यवस्था के अनुसार सहयोग करें। उन्होंने कहा कि गुरु घर आने वाली संगत की सुविधा और सुरक्षा एसजीपीसी की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
- Source: www.amarujala.com
- Published: Apr 16, 2026, 15:24 IST
श्री हरमंदिर साहिब के सेवादारों ने 20 लाख रुपये व पासपोर्ट से भरा बैग लौटाया #SubahSamachar
